कबीरधाम पुलिस
पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव (IPS) द्वारा कबीरधाम जिले का वार्षिक निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न
कबीरधाम जिले में पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव (IPS)द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में निरीक्षण की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन कवर्धा में परंपरा अनुसार भव्य परेड आयोजित कर परेड द्वारा पुलिस महानिरीक्षक महोदय को सलामी दी गई। सलामी उपरांत उनके द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट (सुसज्जित वर्दी एवं अनुशासन) प्रदर्शित करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया।
तत्पश्चात उनके द्वारा शस्त्रों, वाहनों एवं अन्य संसाधनों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इसके उपरांत पुलिस लाइन परिसर में नव-निर्मित महिला बैरक कक्ष का उद्घाटन उनके करकमलों से किया गया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
वृक्षारोपण उपरांत पुलिस विभाग में पारंपरिक दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। इस पर पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।
अपने उद्बोधन में पुलिस महानिरीक्षक श्री बालाजी राव ने कहा कि पुलिस की वर्दी कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को वर्दी की गरिमा बनाए रखने, कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा परिवार एवं सेवा के मध्य संतुलन स्थापित करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि समाज द्वारा प्रदत्त इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
पुलिस लाइन के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक महोदय थाना कोतवाली कवर्धा पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों एवं दस्तावेजों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुंडा, बदमाश एवं निगरानीशुदा व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इसके पश्चात थाना कोतवाली के समस्त स्टाफ के साथ बैठक आयोजित कर वे सीधे संवाद में सम्मिलित हुए। यह एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल रही, जिसमें उन्होंने थाना स्तर के कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की, उनके कार्य अनुभव, समस्याओं एवं पारिवारिक स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को परिवार एवं नौकरी के मध्य संतुलन बनाए रखते हुए दोनों को समान महत्व देने हेतु प्रेरित किया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय का यह संवादात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण उपस्थित कर्मियों के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद रहा।
तत्पश्चात वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं जैसे अभिलेख शाखा आदि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को और अधिक दक्षता, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया तथा उनके कार्यों की सराहना भी की।
सम्पूर्ण निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने अनुशासन, कार्यकुशलता एवं जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया। उनका सकारात्मक, मार्गदर्शी एवं प्रेरणादायक दृष्टिकोण पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री बालाजी राव ने अपने वक्तव्य में कहा कि कबीरधाम पुलिस द्वारा अनुशासन, समर्पण एवं टीमवर्क के साथ उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता एवं जनसंपर्क अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, और कबीरधाम पुलिस इन सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल उच्च बनाए रखना, उनके कार्यों की सराहना करना एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना नेतृत्व की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निरंतर बेहतर कार्य करते हुए जनता के विश्वास को और मजबूत करने हेतु प्रेरित किया।
इस प्रकार पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव द्वारा कबीरधाम जिले का वार्षिक निरीक्षण सफलतापूर्वक एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट






















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.