साल्हेवारा से उभरी प्रतिभा: प्रेम कुमार कुंभकार ने रचा इतिहास, 90.33% अंकों के साथ शाला में प्रथम स्थान
खैरागढ़ । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा जारी कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा के प्रतिभाशाली छात्र प्रेम कुमार कुंभकार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रेम कुमार, पिता चैतलाल कुंभकार, निवासी साल्हेवारा, की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद प्रेम कुमार ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची मेहनत और दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
प्रेम कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से खादी के शिक्षक श्री उत्तम कुमार भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने पढ़ाई को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रेम कुमार का सपना भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे साल्हेवारा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रेम कुमार को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह सफलता वनांचल क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है, जो अब अपने सपनों को साकार करने के लिए और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.