ब्रेकिंग दंतेवाड़ा
लोकेशन दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़
रिपोर्टर असीम पाल दंतेवाड़ा
डीपीओ वरुण नागेश पर अश्लील व्यवहार का आरोप, महिला कांग्रेस की जांच पहुंची कार्यालय
एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टोरेट घेराव की चेतावनी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
सखी सेंटर व विभागीय कार्यालय में दर्ज किए गए बयान
दंतेवाड़ा। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश पर उन्हीं के विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारियों द्वारा अश्लील व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस मामले को लेकर महिला कांग्रेस द्वारा तुलिका के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की गई, जिसमें महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा सोरी, राधा नाग शामिल थी। जांच टीम द्वारा आज सखी सेंटर एवं महिला बाल विकास कार्यालय पहुंच अधिकारी-कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए।
जांच टीम ने पीड़िताओं से भी मुलाकात की। जानकारी देते हुए जांच टीम से जुड़ी तुलिका कर्मा ने बताया कि जांच में पीड़ित महिलाओं ने अपने साथ हुए अनुचित व्यवहार, मानसिक उत्पीड़न और कार्यस्थल पर असुरक्षित माहौल को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। टीम ने सभी बयानों को दस्तावेजित करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
तुलिका कर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि वह दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि यह मामला केवल एक विभाग या कुछ कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़ा व्यापक मुद्दा है। महिला कांग्रेस इस लड़ाई को अंत तक लड़ेगी और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।जांच टीम के सदस्यों ने संकेत दिया कि प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनमें कार्यस्थल पर अनुचित आचरण, आपत्तिजनक टिप्पणियां और दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इन सभी तथ्यों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने कहा कि जांच टीम के महिला बाल विकास विभाग में कार्यरत सभी महिलाओं से बात की गई और पाया कि विभाग के अधिकारी डीपीओ वरुण नागेश द्वारा सभी महिलाओं से गलत व्यवहार किया जाता है। विभाग में कार्यरत सभी महिलाएं डरी हुई है और खुलकर अपनी बातें नहीं रख पा रही है। जिन दो महिलाओं के साथ घटना हुई है वो अभी भी दहशत में हैं सिर्फ रो रही हैं। डीपीओ वरुण नागेश पर कलेक्टर द्वारा भी जांच बैठाई गई है पर वह छुट्टी पर है। जिस व्यक्ति पर विभागीय जांच हो रही है और वह छुट्टी पर है यही बात कई संदेहों को जन्म देता है। जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा ने कहा कि महिला बाल विकास विभाग जो महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए ही बनाया गया है वहीं महिलाएं सुरक्षित नहीं तो फिर इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है। सुमित्रा सोरी ने कहा कि भाजपा कहती है कि महिलाओं की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है पर घटना को बीते हुए इतने दिन हो चुके हैं पर अब तक भाजपा महिला मोर्चा की ओर से अभी पीड़िताओं से मुलाकात नहीं की गई है। इससे पता चलता है कि भाजपा की कथनी और करनी में कितना फर्क है। तुलिका ने पीड़ित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जांच टीम ने प्रथम दृष्टा में पाया कि विभाग के लिपिक संतोष झा, संगीता देवांगन, मीना माथुर, नीरू कश्यप द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया गया साथ ही पीड़िताओं पर बयान बदलने एवं डीपीओ वरुण नागेश को मामले में बचाने का भी प्रयास किया गया। तुलिका ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके ऊपर न्यायिक प्रकरण एवं निलंबन की कारवाई जांच समिति अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। वहीं महिला कांग्रेस के सभी सदस्यों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषी अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल निलंबित किया जाए तथा उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में महिला सुरक्षा के लिए प्रभावी तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जाएं। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के अंदर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो महिला कांग्रेस द्वारा कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा।
जांच टीम ने की कलेक्टर से मुलाकात
जांच टीम के सदस्यों ने आज कलेक्टर देवेश ध्रुव से मुलाकात कर उन्हें मामले की पूरी सच्चाई बताई। इस पर कलेक्टर ने जांच टीम को आश्वस्त किया कि जांच में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी, जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि गीदम तहसीलदार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम बनाई गई है जो एक सप्ताह के भीतर अपनी जांच प्रस्तुत करेगी उसके पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के मुलाकात के दौरान जांच ने भी कहा कि वह अपनी जांच रिपोर्ट जल्द ही प्रस्तुत करेंगे।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.