कोर्ट की अनुमति से अर्धविक्षिप्त महिला को सेंदरी में कराया गया भर्ती
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
धमतरी - जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुये एक अज्ञात अर्धविक्षिप्त महिला को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उसे उचित उपचार हेतु मानसिक उपचार केन्द्र सेंदरी , जिला - बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में भर्ती कराया गया है। धमतरी पुलिस थाना अर्जुनी को विगत दिवस 14 अप्रैल को ग्राम - कलारतराई , थाना - अर्जुनी क्षेत्र में एक अज्ञात महिला भटकती हुई पाई गई। पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम सुनीता (उम्र लगभग 42-45 वर्ष) बताया , किंतु पिता - पति एवं निवास संबंधी कोई जानकारी देने में वह असमर्थ रही। महिला की मानसिक स्थिति असामान्य होने तथा असहाय अवस्था को देखते हुये उसे सुरक्षार्थ सखी सेंटर धमतरी के सुपुर्द किया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा ऐसे असहाय एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुये तत्काल आवश्यक सहायता एवं उपचार उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। महिला के स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुये उसे जिला चिकित्सालय धमतरी में परीक्षण हेतु ले जाया गया , जहां चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरांत उसकी मानसिक स्थिति को गंभीर मानते हुये उसे बेहतर उपचार हेतु मानसिक उपचार केन्द्र सेंदरी , जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) रिफर किया गया। तत्पश्चात न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धमतरी से अनुमति प्राप्त कर थाना अर्जुनी पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुये उक्त महिला को सुरक्षित रूप से मानसिक उपचार केन्द्र सेंदरी (बिलासपुर) में विधिवत भर्ती कराया गया , जहां उसका उपचार जारी है। धमतरी पुलिस द्वारा इस प्रकार की मानवीय पहल के माध्यम से समाज के कमजोर एवं असहाय वर्गों की सहायता हेतु निरंतर प्रयास जारी रहेगी।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.