चमत्कार के नाम पर अनाचार करने का आरोपी ढोंगी बाबा जेल दाखिल
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - चमत्कार से शरीर के दर्द को ठीक करने का झांसा देकर महिला को जाल में फंसाने और उसके साथ साथ बार - बार अनाचार करने और पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने के आरोपी ढोंगी बाबा को थाना पामगढ़ पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल ने बताया पीड़िता ने विगत दिवस 11 अप्रैल को थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में “पदयात्रा” करते हुये आया था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्यायें दूर करने का दावा करता था।पीड़िता अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई , जहां आरोपी ने उसका हाथ देखकर ईलाज का भरोसा दिया और मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में 26 मार्च को पामगढ़ क्षेत्र के बाजार में बुलाकर उसे “प्रसाद” दिया और अपने साथ चलने के लिये बहलाया। आरोपी के झांसे में आकर पीड़िता उसके साथ बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्यप्रदेश के मैहर पहुंची , जहां उसे होटल में ठहराया गया। वहां आरोपी ने “ईलाज” के नाम पर बार-बार जबरदस्ती अनाचार किये और इसके बाद 01 अप्रैल को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के घर लौटने के बाद आरोपी लगातार फोन कर परेशान करने लगा और नंबर ब्लॉक करने पर उसने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया। महिला पर घटित अपराध की गंभीरता को देखते हुये प्रभारी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित की जाकर पुलिस टीम द्वारा 21 अप्रैल को धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया। जिसको हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने जुर्म करना स्वीकार किया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से बीएनएस की धारा 64(2) (एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्यवाही कर थाना पामगढ़ पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक सावन सारथी थाना प्रभारी पामगढ़ , प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले , नवनी रात्रे थाना पामगढ का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी -
स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा उम्र 60 वर्ष मूल निवासी - नाशिक (महाराष्ट्र)।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.