सिमगा नगर पालिका में जल संकट को लेकर ग्रामीणों ने जताई समस्या
बलौदाबाजार:- नगर पालिका सिमगा के वार्ड क्रमांक 07 चूचरूंगपुर के ग्रामीण पिछले दो महीनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड में पानी की आपूर्ति पर्याप्त नहीं हो पा रही है। बताया गया कि ग्राम पंचायत चूचूटिया से अवैध कनेक्शन होने के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे वार्ड तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
वार्ड में कुल तीन बोर प्वाइंट होने के बावजूद वर्तमान में केवल एक बोर से ही पानी की व्यवस्था हो रही है। उस बोर का जल स्तर भी नीचे चला गया है और पाइप की कमी के कारण मोटर पानी खींच नहीं पा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि:
नए बोर प्वाइंट में मोटर लगाई जाए
पाइप की लंबाई बढ़ाई जाए (लगभग 300–350 फीट तक)
पुराने बोर में अधिक क्षमता (1 HP से 3 HP) की मोटर लगाई जाए
मौके पर पहुंचे सीएमओ और इंजीनियर ने निरीक्षण किया और समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। सीएमओ ने तत्काल टैंकर से पानी की व्यवस्था का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि बोर में पानी मौजूद है, केवल तकनीकी कमी के कारण पानी ऊपर नहीं आ पा रहा है।
ग्रामीण महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद द्वारा समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जबकि वे तीन बार आवेदन दे चुकी हैं।
वहीं, ग्रामीणों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं उनके पुत्र करण भाटिया द्वारा पूर्व में किए गए सहयोग की सराहना की। इस दौरान करण भाटिया ने सुझाव दिया कि बोर में और गहराई तक पाइप डालकर तथा नई मशीन लगाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है।
ग्रामीण अजीत भट्ट ने भी सुझाव दिया कि साईं मंदिर के पास स्थित बोर में 1 HP की जगह 3 HP की मोटर लगाई जाए, जिससे पूरे वार्ड की पानी की समस्या दूर हो सके।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.