बकरीद पर जामा मस्जिद हथबंद में गूंजा अमन और भाईचारे का संदेश
बलौदाबाजार जिले के सिमगा ब्लॉक अंतर्गत हथबंद स्थित जामा मस्जिद में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में मस्जिद पहुंचे, जहां मौलाना एहसान आलम मिस्वाही ने विशेष नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन, खुशहाली एवं आपसी सौहार्द की दुआ मांगी।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इस दौरान मस्जिद परिसर में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला।
इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि ऋषि कांत बबलू पटेल भी जामा मस्जिद पहुंचे और मुस्लिम समाज के लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। उनके मस्जिद पहुंचकर समाज के बीच मुबारकबाद देने पर मुस्लिम समाज के संरक्षक मुबारक हुसैन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि धर्म और मजहब से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोपरि मानने वाले ऐसे जनप्रतिनिधि समाज में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उपस्थित लोगों ने ऋषि कांत बबलू पटेल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता की मिसाल बताया।
इस अवसर पर मौलाना एहसान आलम मिस्वाही, मुबारक हुसैन, इनायत खान, रज्जाक खान, मुकीम अहमद, ताज खान, रसीद खान, अनवर खान, हकीम खान, शमीम खान, डॉ. इकबाल हुसैन, इमरान हुसैन, शाहिद खान, मोहसिन कुरैशी, असलम खान, फैजल खान, मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.