आमजन की सुरक्षा , शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता - एसपी सुश्री अंकिता शर्मा
अरविन्द तिवारी / संतोष सहारे की रिपोर्ट
राजनांदगांव - आगामी पर्व-त्योहारों , पंचायत चुनाव एवं अन्य संवेदनशील अवसरों को शांतिपूर्ण , सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों , थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक ली गई। बैठक के दौरान पूर्व में घटित संवेदनशील प्रकृति की घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत कर फील्ड ऑफिसर्स एवं थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों के पूर्वानुमान , त्वरित निर्णय क्षमता एवं प्रभावी पुलिस रिस्पांस के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। आगामी पंचायत चुनाव , कानून व्यवस्था संबंधी घटनाओं , संवेदनशील क्षेत्रों , भीड़भाड़ वाले स्थानों , सोशल मीडिया गतिविधियों एवं संभावित चुनौतियों की गहन समीक्षा कर विस्तृत सुरक्षा रणनीति तैयार की गई। जिले में गठित “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुये पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि उक्त टीम का गठन लगभग एक माह पूर्व किया गया था , जो पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सदैव रेडी स्थिति में तैनात रहती है। किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने पर टीम द्वारा शहर क्षेत्र में लगभग दस - पन्द्रह मिनट के भीतर पहुंचकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम एवं तत्परता हेतु रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने , जरूरतमंद प्रार्थियों की संवेदनशीलता के साथ सहायता करने , संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने , असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्यवाही करने एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये। चुनाव एवं पर्व-त्योहारों के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाये रखने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों , धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से सतत संवाद एवं समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिये गये। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह , भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर साइबर मॉनिटरिंग बढ़ाने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। साथ ही समय-समय पर अफवाहों के प्रभावी खंडन हेतु अधिकृत सूचना जारी करने के निर्देश भी दिये गये। बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की घटना , विवाद अथवा कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे , त्वरित निर्णय लेकर स्थिति नियंत्रित करे एवं वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत करायें। सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त सुदृढ़ करने , गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग करने , सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस उपस्थिति बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिये गये। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैयारी एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा हेतु मॉक ड्रिल्स आयोजित करने एवं नियमित अभ्यास की रणनीति भी तैयार की गई।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “आमजन की सुरक्षा , शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखना राजनांदगांव पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण अनुशासन , संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। राजनांदगांव पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें , जिससे जिले में शांति , सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखा जा सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर , एसडीओपी डोंगरगढ़ , एसडीओपी डोंगरगांव , डीएसपी हेडक्वार्टर , डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.