बिलासपुर संभाग झेरिया धोबी बरेठ समाज चुनाव में बदलाव की बयार
जनाराम कर्ष बने अध्यक्ष, दीपक बरेठ महासचिव और राम सिंह कर्ष कोषाध्यक्ष निर्वाचित
बिलाईगढ़।
छत्तीसगढ़ झेरिया धोबी बरेठ समाज सेवा समिति (संभाग बिलासपुर) का 11वां संभागीय महाधिवेशन सामाजिक एकता, उत्साह और लोकतांत्रिक भागीदारी के साथ संपन्न हुआ। महाधिवेशन के दौरान आयोजित संभागीय चुनाव में समाज ने नई कार्यकारिणी को भारी समर्थन देते हुए भविष्य की जिम्मेदारी सौंपी।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समाजजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं एवं आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया।
चुनाव में श्री जनाराम कर्ष संभागीय अध्यक्ष, श्री दीपक बरेठ महासचिव तथा श्री राम सिंह कर्ष कोषाध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक मतों से विजयी घोषित किए गए। समाज के वरिष्ठजनों ने इसे संगठन की मजबूती और नई सोच की जीत बताया।
*उप संभागीय पदाधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी*
नवनिर्वाचित टीम के साथ उप संभाग स्तर पर भी कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
उपाध्यक्ष पद पर श्री पीयूष निर्मलकर, श्री नारायण कर्ष, श्री छबी लाल बरेठ, श्री लाखा राम कर्ष एवं श्री गिरधारी लाल बरेठ को जिम्मेदारी दी गई।
वहीं संयुक्त सचिव पद पर श्री धर्मेंद्र बरेठ, श्री बोध राम कर्ष, श्री केशव प्रसाद बरेठ, श्री नरेश कुमार कर्ष एवं श्री प्रेम कुमार बरेठ नियुक्त किए गए।
*महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व पर रहेगा विशेष फोकस*
महाधिवेशन में समाज के उत्थान के लिए महिला सशक्तिकरण को सबसे महत्वपूर्ण आधार माना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने तथा समाज की बेटियों को शिक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे लाने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की घोषणा की गई। समाज के सांस्कृतिक गौरव एवं संत गाडगे महाराज तथा माता धोबिन दाई के आदर्शों के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया जाएगा।
*“सशक्त समाज, संगठित समाज” का लिया संकल्प*
नवनिर्वाचित टीम ने संभाग के सभी 28 परिक्षेत्रों को एकजुट कर सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा प्रगतिशील समाज निर्माण की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के बल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।
चुनाव समिति एवं मतदाताओं का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे मतदाताओं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं कोर कमेटी प्रमुख श्री सहस राम कर्ष, निर्वाचन समिति प्रमुख श्री धन सिंह कर्ष सहित पूरी चुनाव समिति का आभार व्यक्त किया गया। युवा साथियों एवं मातृशक्ति के सहयोग को इस ऐतिहासिक सफलता का प्रमुख आधार बताया गया।
महाधिवेशन में उमड़े जनसमर्थन और उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि बिलासपुर संभाग का झेरिया धोबी बरेठ समाज अब नई ऊर्जा और मजबूत नेतृत्व के साथ सामाजिक उत्थान की दिशा में आगे बढ़ चुका है।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.