जाड़ामुड़ा सहकारी समिति में खाद संकट से किसान बेहाल, अन्नदाता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं: मोक्ष कुमार प्रधान
महासमुंद / बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जाड़ामुड़ा सहकारी समिति में खाद वितरण नहीं होने से किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। दूर-दूर से समिति पहुंचने वाले अन्नदाता रोजाना निराश होकर खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं, जिससे खेती-किसानी की तैयारियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने इस स्थिति पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के साथ हो रहा अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “अन्नदाता दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरता है, लेकिन वही किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। जून महीना समाप्ति की ओर है और आज तक किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”
मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि किसान पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं, वहीं अब खाद की कमी और अव्यवस्था ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो किसानों के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ मिलकर सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। “अन्नदाता का सम्मान और अधिकार सर्वोपरि है। किसानों को उनका हक दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा,” उन्होंने कहा।
यह मुद्दा क्षेत्र के किसानों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है और किसान समय रहते खाद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, ताकि खरीफ सीजन की बुवाई प्रभावित न हो।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.