पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
बिलाईगढ़।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, तहसील इकाई बिलाईगढ़ ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा एवं स्वतंत्र पत्रकारिता को सुदृढ़ बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिलाईगढ़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में वर्ष 2023 में पारित पत्रकार सुरक्षा विधेयक को शीघ्र प्रभाव से लागू करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। विशेषकर नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कार्यरत पत्रकार विभिन्न चुनौतियों के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। जनहित से जुड़े समाचारों के प्रकाशन के कारण पत्रकारों के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण शिकायतें, अनावश्यक दबाव तथा प्रताड़ना की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा है पत्रकार संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि कई मामलों में बिना पर्याप्त जांच के ही पत्रकारों के खिलाफ अपराध दर्ज किए जाने जैसी परिस्थितियां भी सामने आई हैं। ऐसी स्थिति में पत्रकार स्वयं को अपेक्षित कानूनी संरक्षण से वंचित महसूस कर रहे हैं। संघ ने बताया कि पत्रकार सुरक्षा संबंधी विधेयक वर्ष 2023 में विधानसभा से पारित होकर राजपत्र में भी प्रकाशित हो चुका है, लेकिन अब तक इसे पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया है। पत्रकारों का मानना है कि इस कानून के लागू होने से झूठी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर नियंत्रण लगेगा, पत्रकार निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से कार्य कर सकेंगे, धमकी एवं दबाव की घटनाओं में कमी आएगी तथा स्वतंत्र पत्रकारिता को मजबूती मिलेगी। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, तहसील इकाई बिलाईगढ़ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पत्रकारों की सुरक्षा एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द से जल्द लागू करने की आवश्यक कार्रवाई की जाए।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.