आज दिनांक 16.06.2026
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की ली बैठक, प्रशिक्षण कार्यों की समीक्षा की।
प्रशिक्षु अधिकारियों को सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का दिया संदेश, अपनी जिम्मेदारियों का कुशल निर्वहन करने के दिए निर्देश।
बेमेतरा, 16 जून 2026 :- पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) ने पुलिस कार्यालय बेमेतरा में जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की बैठक लेकर उनके प्रशिक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रधान आरक्षक मोहर्रिर कार्य, गश्त एवं रात्रि पेट्रोलिंग, संत्री ड्यूटी, मुलजिम पेशी तथा बीट आरक्षक के दायित्वों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
बैठक में डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जिला पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था संधारण एवं पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम नागरिकों को न्याय दिलाना तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ निराकरण करना है। उन्होंने अपराध विवेचना, मर्ग जांच, शिकायतों एवं आवेदनों की गंभीर एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू ने फरियादियों एवं आवेदकों के साथ शालीन, सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस का व्यवहार ही जनता के बीच विश्वास और सकारात्मक छवि का आधार होता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने तथा अपने दायित्वों के प्रति सदैव सजग रहने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि व्यवहारिक प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को थाना स्तर के विभिन्न कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा, जिसमें प्रधान आरक्षक मोहर्रिर कार्य, गश्त एवं रात्रि पेट्रोलिंग, सीसीटीएनएस संचालन, कोर्ट मोहर्रिर कार्य, संत्री ड्यूटी, मुलजिम पेशी, न्यायालयीन कार्यवाही तथा बीट आरक्षक के दायित्व शामिल हैं।
बैठक के दौरान डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू ने प्रशिक्षु अधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.