जिला : विदिशा
'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान को मिली नई गति, एसपी विदिशा ने ग्राम भटौली में जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को किया जागरूक, नशामुक्ति व साइबर सुरक्षा का दिया संदेश
थाना लटेरी एवं आनंदपुर का औचक निरीक्षण, मालखाना, अभिलेख संधारण और 360° सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी द्वारा दिनांक 24 जुलाई 2026 की रात्रि में थाना लटेरी क्षेत्र के ग्राम भटौली में चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी का पारंपरिक रूप से पगड़ी बांधकर स्वागत किया। श्री काशवानी ने उपस्थित ग्रामीणों से नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इसके साथ ही ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते की जानकारी, ATM PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें। कार्यक्रम में थाना प्रभारी लटेरी सहित थाना स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
चौपाल कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने थाना लटेरी का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मालखाना, अभिलेखों एवं रजिस्टरों के संधारण, शस्त्रागार, थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा अन्य शासकीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, मालखाने के उचित रखरखाव एवं शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने देर रात्रि थाना आनंदपुर का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था एवं 360 डिग्री निगरानी प्रणाली के अंतर्गत स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। साथ ही थाना स्टाफ को अनुशासन, सतर्कता, बेहतर अभिलेख संधारण, प्रभावी पुलिसिंग तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी आनंदपुर सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.