सिमगा–सुहेला–बलौदाबाजार मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का धरना-प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सिमगा–सुहेला–बलौदाबाजार मार्ग की अत्यंत जर्जर स्थिति और लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को सुहेला तिगड्डा चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा के समक्ष छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के संयुक्त नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
सड़क की तत्काल मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग को लेकर आंदोलनकारियों द्वारा चक्का जाम की घोषणा की गई थी, लेकिन प्रशासन के आश्वासन के बाद चक्का जाम को स्थगित कर कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना-प्रदर्शन में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सिमगा–सुहेला–बलौदाबाजार मार्ग पिछले लगभग दो वर्षों से अत्यंत खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है तथा आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
आंदोलनकारियों ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर पर राशि स्वीकृत किए जाने के बावजूद कार्य समय पर प्रारंभ नहीं किया गया। लोक निर्माण विभाग के दस्तावेजों के अनुसार 19 मार्च 2026 को लगभग 48.70 करोड़ रुपये की लागत से 48.60 किलोमीटर सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य किरण बिल्डिकॉन, बेमेतरा को आवंटित किया गया था तथा छह माह के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जुलाई माह तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है।
धरना सभा को संबोधित करते हुए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांत यादव ने कहा कि मार्च माह में कार्यादेश जारी होने के बावजूद निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि यदि संबंधित एजेंसी निर्धारित समय में कार्य प्रारंभ करने में असमर्थ है तो उसका ठेका तत्काल निरस्त कर किसी सक्षम एजेंसी को कार्य सौंपा जाए।लोक निर्माण विभाग द्वारा ठेकेदार को 4 महीनो से वर्क आर्डर जारी कर काम शुरू नही करा पाया , यह जानते हुये कि आगे बरसात आने वाला है , काम मे उदासीनता और लापरवाही बरतने वाले कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा को निलंबित किया जाय , आज जनता सडको पर आंदोलन कर रही है और जवाब देने मुंह छूपा रहा है। सब-इंजिनियर को भेज कर आज जनता का मजाक बना रहा है ।उन्होंने कहा कि वर्तमान में केवल पैचवर्क कर समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सड़क निर्माण की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि बरसात के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर पहुंचे तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा, थाना प्रभारी प्रमोद सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर विश्वनाथ कुर्रे ने आंदोलनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना। तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा ने कहा कि प्रशासन सड़क की खराब स्थिति से पूरी तरह अवगत है तथा कलेक्टर के निर्देश पर लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बरसात के कारण तकनीकी रूप से डामरीकरण कार्य संभव नहीं है, इसलिए 15 अक्टूबर के बाद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। तब तक सड़क पर बने गड्ढों की नियमित मरम्मत और पैचवर्क का कार्य जारी रखा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर विश्वनाथ कुर्रे ने बताया कि जहां-जहां गड्ढे बन रहे हैं, वहां तत्काल पैचवर्क कराया जा रहा है ताकि आवागमन प्रभावित न हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि बारिश समाप्त होते ही स्वीकृत योजना के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत, निर्माण कार्य में हुई देरी की निष्पक्ष जांच तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की। इसके पश्चात प्रस्तावित चक्का जाम को स्थगित कर दिया गया।
धरना-प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, संगठन मंत्री विनोद वर्मा, जिला सचिव शीतल वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संतु यादव, चोवाराम वर्मा, लेखराम वर्मा, परस वर्मा, परस पाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.