NEET UG 2026: ग्राम बनाहिल के प्रकाश साहू ने लहराया सफलता का परचम, 720 में 518 अंक हासिल
बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बनाहिल के होनहार छात्र प्रकाश साहू ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रकाश ने 720 में से 518 अंक प्राप्त किए हैं और अब उनका चयन एक प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए होने की प्रबल संभावना है।
प्रकाश साहू, संतोष कुमार साहू एवं रामेश्वरी साहू के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रकाश ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि वे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करते थे। उन्होंने विशेष रूप से NCERT की पुस्तकों के कॉन्सेप्ट्स को मजबूत करने और नियमित मॉक टेस्ट देने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया, "शुरुआत में फिजिक्स विषय से डर लगता था, लेकिन लगातार अभ्यास और मॉक टेस्ट की मदद से वह डर खत्म हो गया। प्रीमियर एकेडमी बिलासपुर के शिक्षकों एवं डायरेक्टर का मार्गदर्शन मेरी सफलता में मील का पत्थर साबित हुआ।"
प्रकाश की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का संघर्ष भी प्रेरणादायक है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनके माता-पिता मशरूम एवं रंग बेचकर बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाते रहे। आज बेटे की सफलता ने उनकी वर्षों की मेहनत और त्याग को सार्थक कर दिया है। परिवार इस उपलब्धि को अपने दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम का परिणाम मानता है।
प्रकाश का सपना भविष्य में न्यूरोलॉजिस्ट बनकर समाज की सेवा करना है। उन्होंने NEET की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, "कभी हताश न हों, अपनी गलतियों से सीखें और निरंतर (Consistency) मेहनत करते रहें। सफलता अवश्य मिलेगी।"
प्रकाश ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, दोस्तों और परिवारजनों को दिया। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.