गुण्डरदेही में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान: युवाओं ने लिया नशा छोड़ विकसित भारत बनाने का संकल्प
गुण्डरदेही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन, गुण्डरदेही में शुक्रवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन थे। विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री शमशाद बेगम, युवा कार्यक्रम अधिकारी क्षितिज, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) जिला संगठक लीना साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर, कार्यक्रम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि गुण्डरदेही विधायक कुँवर सिंह निषाद जिला संगठक दुर्ग सुरेश ठाकुर तथा कांग्रेस जिला महामंत्री भोजराज साहू, संजय साहू रहे। कार्यक्रम के समापन में पत्रकार महासंघ के प्रदेश प्रवक्ता भारत साहू भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीतीश राजा सोनकर वरिष्ठ पत्रकार चंदन पटेल के द्वारा प्रतिभागी प्रतियोगी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर के सम्मान किया गया
इस दौरान नशा मुक्ति विषय पर लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, चित्रकला, लघु फिल्म एवं रील निर्माण, कविता और स्पोकन पोएट्री जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat) बालोद एवं राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला बालोद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने भाग लेते हुए “नशे को ना, सपनों को हाँ” का संकल्प लिया।
जिला संगठक लीना साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में नशे की लत कई युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देश का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना लगातार विभिन्न माध्यमों से लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रही है।
वहीं पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि नशा युवाओं के जीवन को बर्बाद कर रहा है और कई गांवों में अवैध शराब की बिक्री चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अवैध शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए समाज से भी नशा मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.