स्कूलों को मिली विकास की सौगात: विधायक इन्द्र साव ने तीन गांवों में प्रार्थना शेड व अतिरिक्त कक्ष निर्माण का किया भूमिपूजन
बलौदाबाजार जिला भाटापारा क्षेत्र के विधायक इन्द्र साव ने बुधवार को सिमगा विकासखंड के कचलोन, औरेठी एवं नवागांव स्थित शासकीय विद्यालयों में प्रार्थना शेड एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर शिक्षा के क्षेत्र में विकास की नई सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए हर बच्चे को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने माता-पिता तथा गुरुओं का सम्मान करना चाहिए।
दौरे की शुरुआत ग्राम कचलोन के शासकीय हाई स्कूल से हुई, जहां मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय परिवार ने विधायक का पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया, जबकि विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। विधायक ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने प्रार्थना शेड निर्माण को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए अनुशासन और मेहनत से पढ़ाई करने का संदेश दिया। विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया ने भी बच्चों को गुरुजनों का सम्मान करने और अच्छे संस्कार अपनाने की सीख दी। इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि चंद्रशेखर साहू सरपंच शादाब खान, पूर्व सरपंच बिसाहू साहू, अय्यूब खान, हरिशंकर सोनवानी,गिरधर साहू सरपंच,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसके बाद विधायक इन्द्र साव ग्राम औरेठी पहुंचे, जहां सरपंच प्रतिनिधि नरेश साहू एवं ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। यहां उन्होंने प्राथमिक शाला में तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का भूमिपूजन किया तथा विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कीं। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। विधायक ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से मोबाइल की अपेक्षा पुस्तकों को अपना मित्र बनाने और नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। इसके पश्चात उन्होंने औरेठी हाई स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण का भी भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि शैली भाटिया, जनपद सदस्य प्रतिनिधि चंद्रशेखर साहू,दाऊराम यदु, झाड़ूराम (झाड़ू) साहू, दिनेश साहू, चंद्रशेखर साहू, समस्त पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
दौरे के अंतिम चरण में विधायक इन्द्र साव ग्राम नवागांव के शासकीय हाई स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके बाद विद्यालय के विकास, शिक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को लेकर शिक्षकों एवं ग्रामीणों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सरपंच नीरा धर्मेंद्र कोसले, जनपद सदस्य प्रतिनिधि चंद्रशेखर साहू,शिवप्रसाद साहू, रिखीराम पोर्ते, मनीष पाठक, प्राचार्य करण हरवंश, बसंत उपाध्याय, रोमेश, संतोष देवांगन, कोमल सोनवानी, आजू साहू, भगत साहू,सहित शाला परिवार, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक इन्द्र साव ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक और जनप्रतिनिधि बनकर देश का भविष्य तय करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति एवं संस्कारयुक्त वातावरण सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विद्यालयों के विकास और विद्यार्थियों के हित में हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.