अमरकंटक के मृत्यंजय आश्रम में अब तक 25 हजार से अधिक कांवड़ियों, पर्यटकों एवं साधु-संतों ने ग्रहण किया निःशुल्क भोजन प्रसादी
सेवा, समर्पण और श्रद्धा का संगम: उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल से कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन व विश्राम व्यवस्था
कवर्धा, 11 अगस्त 2026। पवित्र श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। हजारों शिवभक्त अमरकंटक से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर कठिन पदयात्रा करते हुए भोरमदेव, डोंगरिया, पंचमुखी बूढ़ा महादेव सहित अपने-अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। इस कठिन यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए सहज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा की पहल पर अमरकंटक स्थित मृत्यंजय आश्रम में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन प्रसादी, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। अब तक 25 हजार से अधिक कांवड़ियों, पर्यटकों एवं साधु-संतों ने मृत्यंजय आश्रम में निःशुल्क भोजन प्रसादी ग्रहण किया है।
श्रावण मास प्रारंभ होने से अब तक 25 हजार से अधिक कांवड़ियों, पर्यटकों एवं आश्रम में निवासरत साधु-संतों ने यहां निःशुल्क भोजन प्रसादी ग्रहण की है। वहीं 91 समिति बोल बम के लगभग 3,500 कांवड़ यात्रियों सहित आने वाले बोल बंम समिति, कावड़ियों के लिए ठहरने, भोजन एवं सेवा की विशेष व्यवस्था भी की गई है। आश्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंच रहे कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया जा रहा है। यहां सुबह और शाम दोनों समय श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन प्रसादी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही विश्राम, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा आगे बढ़ा सकें।
श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लगातार संचालित की जा रही है, ताकि मां नर्मदा का जल लेकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके। श्रद्धालुओं ने इस सेवा व्यवस्था के लिए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमरकंटक के मृत्यंजय आश्रम में भोजन, विश्राम और रास्ते में पड़ने वाले स्थानों में ठहरने, पेयजल, स्वास्थ्य सहित आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से उनकी कठिन पदयात्रा काफी सहज हो गई है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.