2 अगस्त की सुबह से बाबा भोरमदेव मंदिर के पास सजेगा संभागीय सरस मेला
आकर्षक वस्तुओं की प्रदर्शनी सह विक्रय के साथ होगा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की दीदियों द्वारा बनाए गए सामग्रियां मिलेगी बहुत ही कम दरों पर
कवर्धा, 1 अगस्त 2026। स्व-सहायता समूहों की लखपति दीदियों द्वारा निर्मित स्वदेशी, प्राकृतिक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी सह विक्रय हेतु संभागीय सरस मेले का आयोजन बाबा भोरमदेव मंदिर के पास ग्राम चौरा में 2 अगस्त की सुबह से आयोजित होगा। यह आयोजन 02 अगस्त की सुबह से लेकर 06 अगस्त की शाम तक होगा। विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर की पावन एवं ऐतिहासिक धरा पर आयोजित यह मेला केवल खरीदारी का अवसर नहीं बल्कि ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 50 स्टॉलों के माध्यम से यहाँ आपको एक ही छत के नीचे ताज़े एवं पौष्टिक मिलेट उत्पाद, स्वादिष्ट घरेलू खाद्य सामग्री, वनोपज आधारित अन्य स्थानीय उत्पाद मिलेंगे।हस्तशिल्प एवं हथकरघा सामग्री बाँस एवं बेंत से बने आकर्षक उत्पाद,घरेलू सजावटी वस्तुएँ, पारंपरिक परिधान तथा अनेक प्रकार के अन्य उपयोगी स्वदेशी सामग्रियों का विशाल भंडार विक्रय के लिए उपलब्ध होगा।
*संभागीय सरस मेला में प्रसिद्ध पंडवानी गायिका श्रीमती तरुणा साहू देगी अपनी प्रस्तुति: सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल*
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुड़ी महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित सामग्रियों को बाजार उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण से संभागीय सरस मेला का आयोजन हो रहा है। इस दौरान दुर्ग संभाग के सभी सात जिले सहित अन्य ज़िलों की महिला समूह अपने उत्पादन लेकर शामिल हो रही हैं। मेला 2 अगस्त की सुबह से प्रारंभ हो जाएगा तथा इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। विशेष रूप से सावन के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को सुबह 10:00 बजे से लोक संस्कृति की अनमोल धरोहर पद्म विभूषण स्वर्गीय श्रीमती तीजन बाई की सुयोग्य शिष्या एवं प्रसिद्ध पंडवानी गायिका श्रीमती तरुणा साहू द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा शिव तांडव की मनमोहक प्रस्तुति भी दी जाएगी। सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 2 तारीख की सुबह से प्रारंभ होने वाले संभागीय सरस मेला मे पधार कर ग्रामीण महिला समूह द्वारा उत्पादित आकर्षक सामग्रियों का अवलोकन करें तथा प्रत्येक खरीदी पर ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वदेशी भारत के संकल्प में अपना योगदान देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाएं।
उल्लेखनीय है कि संभागीय सरस मेला में दुर्ग संभाग के कबीरधाम सहित जिला दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़- छुईखदान- गंडई के अतिरिक्त अन्य ज़िलों की महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा उत्पादित आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी सह विक्रय के लिए 50 स्टॉल गए हैं। आप सब 2 अगस्त की सुबह से 6 अगस्त की शाम तक भोरमदेव मंदिर के पास ग्राम चौरा में आयोजित होने वाले संभागीय सरस मेला में अपने परिवार,मित्रों और प्रियजनों के साथ आकर इसका आनंद उठाइए।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.