भटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.295 किलो गांजा के साथ महिला-पुरुष गिरफ्तार
बिलाईगढ़। भटगांव पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.295 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक एक्टिवा, दो मोबाइल फोन एवं नकद राशि जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 3 अगस्त को थाना के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरसीवां की ओर से एक एक्टिवा क्रमांक सीजी-12-बीवी-7563 में सवार एक युवक और एक महिला गांजा लेकर कोरबा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय कुमार पालकर (26 वर्ष) निवासी ग्राम पहरिया, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा (हाल मुकाम सीतामनी, कोरबा) तथा महिला ने अपना नाम रंजीता दुबे (38 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, दर्री, जिला कोरबा बताया। दोनों के जवाब संदिग्ध लगने पर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक्टिवा की सीट के नीचे रखे दो पैकेट तथा महिला के बैग से तीन पैकेट गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का कुल वजन 9.295 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में महिला ने गांजा अपना होना स्वीकार करते हुए बताया कि वह इसे पदमपुर से खरीदकर लाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.295 किलोग्राम गांजा, एक एक्टिवा, दो मोबाइल फोन एवं नकद राशि जब्त कर दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिव कुमार धारी, उपनिरीक्षक बलीराम निराला, प्र.उपनिरीक्षक नवीन ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, राजेंद्र चंद्रा, शशि खूंटे, राहुल खूंटे, आरक्षक रीना बघेल, मोहन कुमारी सहित भटगांव थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.