वन्यजीव शिकार के प्रयास में आरोपी गिरफ्तार, सल्फास और कुल्हाड़ी बरामद
बालाघाट मध्यप्रदेश। कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला अंतर्गत परिक्षेत्र सुपखार में वन्यजीव के शिकार के प्रयास को वन विभाग की टीम ने विफल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सल्फास का एक पैकेट, सल्फास लगी मिट्टी की दो गोलियां तथा एक कुल्हाड़ी बरामद की गई है।
वन विभाग को 15 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सुपखार परिक्षेत्र की बीट सुपखार के कक्ष क्रमांक 282 में एक व्यक्ति वन्यजीव के शिकार के प्रयास में है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तीरथ सिंह टेकाम, पिता किशन सिंह टेकाम, उम्र 42 वर्ष, जाति गोंड, निवासी ग्राम इन्द्री, थाना मोतीनाला, तहसील बिछिया के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पूरी कार्रवाई कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक एवं उप संचालक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में रेंज ऑफिसर अशोक रहांगडाले, वनपाल आसिफ कुरैशी, वनरक्षक सागर मरकाम, सुरक्षा श्रमिक नंदलाल एवं अघन सिंह सहित वन विभाग के अन्य अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग की तत्परता से वन्यजीव के शिकार के प्रयास को समय रहते रोक लिया गया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.