सिर्फ खबर नहीं, समाधान तक पहुंचे जनसमस्याएं—प्रेस क्लब बीजापुर के शपथ ग्रहण में पत्रकारिता की नई भूमिका पर जोर
बीजापुर, 30 अगस्त। बीजापुर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में पत्रकारिता की जिम्मेदारी केवल घटनाओं को खबर के रूप में सामने रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसमस्याओं को जिम्मेदारों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में पहल करना भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रेस क्लब बीजापुर के शपथ ग्रहण समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता की इसी बदलती भूमिका पर जोर दिया।
समारोह में प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन दुर्गम ने कहा कि किसी समस्या को खबर बनाकर प्रकाशित करना पहला कदम है, लेकिन पत्रकारिता का उद्देश्य तब पूरा होता है जब उस समस्या की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित हो और उसके निराकरण की दिशा में कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों की एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा।
मुख्य अतिथि बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। विधायिका कानून बनाती है और कार्यपालिका उन्हें लागू करती है, लेकिन जब व्यवस्था ठीक ढंग से काम नहीं करती तो मीडिया अपने माध्यम से संबंधित जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के कारण सूचनाएं तेजी से देश-दुनिया तक पहुंच रही हैं, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
विधायक ने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने यह चुनौती भी है कि खबरें किसी के पक्ष में प्रकाशित होने की धारणा बन रही है। ऐसी परिस्थितियों में पत्रकारों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्तर और बीजापुर की खबरों का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना स्थानीय पत्रकारों के प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, उप संचालक जनसंपर्क दिनेश नेताम, संजय लुंकड़, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया, जेसीसीजे जिलाध्यक्ष विजय झाड़ी, अजय सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के दौरान नई कार्यकारिणी ने पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनसरोकार वाली पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.