गरिमामय रूप से प्रेस क्लब बीजापुर का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
बीजापुर, 30 अगस्त। प्रेस क्लब बीजापुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी ने पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे क्षेत्र में पत्रकारिता हमेशा चुनौतीपूर्ण रही है। इसके बावजूद पत्रकारों ने विषम परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। विधायिका द्वारा बनाए गए नियम-कानून और कार्यपालिका के कामकाज पर नजर रखने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि कार्यपालिका ठीक ढंग से काम नहीं करती है तो मीडिया अपने माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करता है।
विधायक ने कहा कि आज दिनचर्या की शुरुआत खबरों के साथ होती है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से देश-दुनिया की सूचनाएं तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं, जिससे पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वर्तमान दौर में पत्रकारिता के सामने कई चुनौतियां हैं। खबरें किसी के पक्ष में प्रकाशित होने जैसी धारणा के बीच पत्रकारों को ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि बस्तर और बीजापुर देश की नजर में सुर्खियों में आए हैं, जिसमें स्थानीय पत्रकारों के प्रयासों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब की नई टीम बेहतर से बेहतर समाचारों का संकलन करते हुए जनहित की आवाज को मजबूती से सामने लाएगी।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, उप संचालक जनसंपर्क दिनेश नेताम, संजय लुंकड़, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.