बीजापुर प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का लिया संकल्प
बीजापुर। बीजापुर प्रेस क्लब ब्यूरो संगठन का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष घासी राम नाग, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत सदस्य व वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री नीना रावतिया उद्दे, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय लुक्काड़, आम आदमी पार्टी एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के जिलाध्यक्ष सहित नगर पालिका के पार्षद और समाज के पदादिकारी व्यापारी,पत्रकार साथी मौजूद रहे।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार पावन दुर्गम को प्रेस क्लब बीजापुर ब्यूरो के अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाया गया। वहीं चेतन कापेवार को सचिव, रंजन दास एवं यूकेश चंद्राकर को उपाध्यक्ष, भरत दुर्गम को सह-सचिव, नितिन रोकड़े को कोषाध्यक्ष, एरोला रामचंद्रम को सह-प्रभारी तथा सतीश अल्लूर को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक विक्रम शाह मंडावी के नेतृत्व में पद एवं कर्तव्य की शपथ ली।
मुख्य अतिथि विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि बीजापुर जैसे अंदरूनी और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में पत्रकारिता करना वास्तव में बेमिसाल कार्य है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारों को कलम की ताकत के साथ अपनी जिम्मेदारी का निरंतर निर्वहन करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष घासी राम नाग ने कहा कि बीजापुर अब नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहा है और ऐसे समय में जनहित की पत्रकारिता की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। वहीं पूर्व युवा आयोग सदस्य अजय सिंह ने कहा कि निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता बीजापुर की पहचान रही है। पत्रकारिता किसी व्यक्ति विशेष को खुश करने के लिए नहीं, बल्कि आम आदमी, गरीब और हर वर्ग की आवाज समाज तक पहुंचाने का माध्यम होना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को सकारात्मक खबरों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार, प्रशासनिक एवं राजनीतिक गतिविधियों के अच्छे-बुरे प्रभाव को भी निष्पक्ष दृष्टिकोण से सामने रखना चाहिए। खबर की तह तक जाकर तथ्यों को सामने लाना और जनहित के मुद्दों पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना पत्रकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के समापन के बाद प्रेस क्लब की ओर से सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें अतिथियों एवं पत्रकारों ने साथ मिलकर भोजन ग्रहण किया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.