पीड़ित परिवार को नहीं मिला है कोई भी सहायता : आतंकियों ने की है छुईहा निवासी भूपेंद्र भैना की हत्या, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी की फोन पर बात, पूर्व संसदीय सचिव पहुंचे घर
बिलाईगढ़ - छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम छुईहा निवासी भूपेंद्र भैना की कश्मीर में आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना को आज तीसरा दिन बीत रहा है। परिवार को सांत्वना देने के लिए विभिन्न नेता उनके घर पहुंच रहे हैं।
मृतक भूपेंद्र की बहन अन्नू ने बताया कि उन्हें और भूपेंद्र के बेटे मानस को अंतिम दर्शन भी नसीब नहीं हुए। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है; उन्हें दो वक्त की रोटी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उनकी थोड़ी सी जमीन भी 30,000 रुपये में गिरवी रखी हुई है।
आज छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फोन पर पीड़ित परिवार से बात की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं, बिलाईगढ़ के पूर्व विधायक चंद्रदेव राय भी कांग्रेस नेताओं के साथ उनके घर पहुंचे।
उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की और घटना के बारे में जानकारी ली।
घटना के बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा भी परिवार से मिलने पहुंचे थे। प्रशासन द्वारा एक नोडल अधिकारी की भी नियुक्ति की गई है, लेकिन अभी तक छुईहा गांव में परिवार को किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिली है।
हालांकि, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों मृतक परिवारों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त, जम्मू-कश्मीर सरकार ने भी अलग से सहायता राशि देने का ऐलान किया है। पूर्व विधायक चंद्रदेव राय ने सरकार से परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है, ताकि अन्य सदस्यों का पालन-पोषण हो सके।साथ ही मृतक भूपेंद्र के एक तीन वर्ष के मासूम मानस भैना का पढ़ाई का सारा खर्चा भी सरकार के द्वारा उठाया जाए । इस दौरान पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भागवत साहू, द्वारका देवांगन, परमानंद साहू, दिलीप साहू समेत अन्य कांग्रेस नेतागढ़ मौजूद रहे ।





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.