न्यू छत्तीसगढ़ स्कूल कुकराचूंदा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लगाए भारत माता की जय के नारे, कदम-कदम पर गूंजा ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’
सिमगा। ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को न्यू छत्तीसगढ़ स्कूल कुकराचूंदा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए स्कूली बच्चों, शिक्षकों, पालकों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर ग्राम पंचायत होते हुए महात्मा गांधी चौक पहुंची। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ जैसे राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। बच्चों के उत्साह और देशप्रेम ने यात्रा में शामिल लोगों में भी जोश भर दिया।
महात्मा गांधी चौक पहुंचने पर गांधीजी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा तिरंगे को सलामी दी गई। इसके बाद तिरंगा यात्रा वापस स्कूल परिसर पहुंची, जहां राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
बच्चों का उत्साह बना आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। नन्हे हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बच्चों ने अनुशासन के साथ यात्रा में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक थानेश्वर वर्मा, सह संयोजक अखिलेश्वरी शुक्ला, स्कूल संचालक प्रमोद शुक्ला, सुशील सराफ, जिला सूचना संग्रहक कुसुम साहू, दुर्गा यदु, आंचल पाल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, युवा, विद्यार्थी, पालक एवं क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। हाथों में तिरंगा और जुबां पर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ निकली इस यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
CNI NEWE सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.