यातायात पुलिस जिला- कबीरधाम (छत्तीसगढ़)।
भोरमदेव में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के सुगम आवागमन के लिए विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था किया गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने निर्धारित किए पार्किंग स्थल एवं यातायात मार्ग
श्रावण मास के दौरान भोरमदेव मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है।
भोरमदेव मंदिर क्षेत्र में वाहनों का सुचारू संचालन एवं श्रद्धालुओं का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रूट मैप के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर चार पहिया एवं दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
चार पहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग
श्रद्धालुओं से अपील है कि वे अपने चार पहिया वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें—
(1) मेला स्थल पार्किंग।
(2) छेरकी महल पार्किंग।
(3) छपरी स्कूल पार्किंग।
(4) शनि देव तिराहा पार्किंग। (5) गौशाला पार्किंग।
दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग मोटरसाइकिल एवं अन्य दोपहिया वाहनों के लिए मड़वा महल जाने वाले मार्ग पर पृथक पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। दोपहिया वाहन चालक निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें तथा मुख्य मार्ग अथवा सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें।
श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित पैदल मार्ग पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के बाद श्रद्धालु एवं कांवड़िए नागमोरी गेट से भोरमदेव मंदिर तक निर्धारित पैदल मार्ग का उपयोग कर मंदिर पहुंचें। मंदिर के समीप अनावश्यक रूप से वाहन ले जाने से बचें।
प्रमुख स्थानों पर रहेगी यातायात व्यवस्था श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के सुगम आवागमन के लिए सरौधा/कवर्धा मार्ग, छपरी तिराहा, शनि देव तिराहा, मड़वा महल तिराहा, धर्मशाला तिराहा एवं नागमोरी गेट सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस एवं यातायात बल की तैनाती के साथ आवश्यक यातायात व्यवस्था की गई है।
धर्मशाला तिराहा के पास पुलिस बैरिकेड/ड्रॉपगेट की व्यवस्था रहेगी। यातायात पुलिस एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन कर सभी आवश्यक सहयोग करे।
कबीरधाम पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
कबीरधाम पुलिस श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों से अपील करती है कि—
निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें।
मुख्य मार्ग एवं मंदिर के आसपास वाहन पार्क न करें।
निर्धारित पैदल मार्ग का ही उपयोग करें।
पुलिस एवं यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग खाली रखें।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य भोरमदेव आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं कांवड़िए को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना है। श्रद्धालुओं के सहयोग से ही यातायात व्यवस्था को बेहतर एवं सुचारू बनाए रखा जा सकता है।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.