थाना साहसपुर लोहारा में पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण।
कार्यालयीन व्यवस्था एवं अभिलेखों के रखरखाव की सराहना, बेहतर कार्य के लिए अधिकारी कर्मचारी पुरस्कृत।
कबीरधाम 05 अगस्त 2026 कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने तथा पुलिस व्यवस्था की समीक्षा के उद्देश्य से नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) ने आज दोपहर लगभग 02 बजे थाना साहसपुर लोहारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना साहसपुर लोहारा में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी विभागीय प्रशिक्षण में शामिल होने के कारण निरीक्षण के समय उपस्थित नहीं थे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले का कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात लगातार विभिन्न थाना एवं चौकियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में थाना साहसपुर लोहारा पहुंचकर उन्होंने थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्था तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रोजनामचा, अपराध पंजी, ड्यूटी रजिस्टर, विभिन्न पंजियों, अभिलेखों एवं कार्यालयीन फाइलों का गहन निरीक्षण किया। थाना में रजिस्टरों, अभिलेखों एवं विभिन्न पंजियों के सुव्यवस्थित संधारण और उत्कृष्ट रखरखाव पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मालखाना, बैरक, शासकीय आवास, शस्त्रागार, शासकीय वाहनों तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने थाना में पदस्थ सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक स्तर की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा तथा वरिष्ठ कार्यालय से संबंधित मामलों को आवश्यक कार्यवाही के लिए तत्काल अग्रेषित किया जाएगा।
इस दौरान किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी द्वारा कोई विशेष समस्या प्रस्तुत नहीं की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं पुलिस के प्रति जनविश्वास बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उन्हें समय पर न्याय एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना के मुंशी एवं मददगार द्वारा कार्यालयीन कार्यों, रजिस्टरों, फाइलों एवं पंजियों के उत्कृष्ट रखरखाव तथा सुव्यवस्थित संधारण की पुलिस अधीक्षक ने विशेष प्रशंसा की। उनके उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सदैव प्रोत्साहित किया जाएगा तथा बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।
CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.