शिक्षकों की समस्याओं को लेकर फेडरेशन ने डीईओ से की सौजन्य भेंट
प्रधान पाठक पदोन्नति, परीक्षा अनुमति एवं स्थानीय समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग
बलौदाबाजार:- छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बलौदाबाजार के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष मुरित श्रीवास के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से सौजन्य भेंट कर शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने डीईओ के समक्ष लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रधान पाठक पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने, छूटे हुए शिक्षकों की परीक्षा अनुमति तत्काल जारी करने तथा जिले की अन्य स्थानीय समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग रखी।
बैठक के दौरान फेडरेशन ने रसेड़ा संकुल समन्वयक संतोष कुमार सोनवानी पर संकुल के अधीनस्थ विद्यालयों के उपस्थिति पंजी में शिक्षकों को जबरन अनुपस्थित दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तीन दिवस के भीतर दोषी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि लंबित परीक्षा अनुमतियां शीघ्र जारी की जाएंगी तथा स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं रसेड़ा संकुल समन्वयक के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया।
प्रधान पाठक पदोन्नति के संबंध में संबंधित अधिकारी श्री ध्रुव ने बताया कि डीपीआई के दिशा-निर्देशों के कुछ बिंदुओं पर स्पष्टता के लिए उच्च कार्यालय को पत्र भेजा गया है। मार्गदर्शन प्राप्त होने के बाद वरिष्ठता सूची तैयार कर नियमानुसार पदोन्नति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुरित श्रीवास, जिला सचिव तुलसी चरण जायसवाल, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रितु मेश्राम, ब्लॉक अध्यक्ष संत कुमार साहू, ब्लॉक उपाध्यक्ष ललिता नामदेव, बोधन सिंह साहू, सहसचिव लखेश्वर पटेल, मीडिया प्रभारी रामनाथ साहू, मनोज पैकरा, तहसील अध्यक्ष अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन बेनीराम साहू, अरुण कुमार वर्मा, रमेश कुमार लहरी, मोहन धीवर, रणजीत कोसले, सरोज घृतलहरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
फेडरेशन ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं वैधानिक माध्यमों से संघर्ष जारी रखा जाएगा।
CNI NEWS सिमगा से ओंकार साहू की रिपोर्ट



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.