ग्राम पंचायत कायतपाली में निःशुल्क स्मार्ट क्लास एवं प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग का शुभारंभ,
5 वर्षों से जारी है डीएसपी यदुमनी सिदार का प्रयास
कायतपाली महासमुंद । ग्राम पंचायत कायतपाली के उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में 1 सितंबर 2026 को ग्रामीण बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई।
यहां निःशुल्क स्मार्ट क्लास एवं प्रतियोगी परीक्षा तैयारी कक्षा का औपचारिक शुभारंभ हुआ। यह जनहितकारी अभियान पिछले लगभग 5 वर्षों से दुर्ग क्राइम ब्रांच के डीएसपी श्री यदुमनी सिदार द्वारा लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसे इस वर्ष भी नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, गांव के वरिष्ठ नागरिक और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गांव की माटी का कर्ज चुकाने की अनूठी पहल: संतलाल सारथी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री संतलाल सारथी ने अपने संबोधन में कहा कि जब गांव की मिट्टी में जन्म लेकर कोई व्यक्ति सफलता के मुकाम पर पहुंचता है और अपने गांव के बच्चों का भविष्य संवारने की सोचता है, तो यह समाज के लिए सबसे बड़ा कल्याणकारी कार्य है। उन्होंने आग्रह किया कि इस अभियान को केवल एक व्यक्ति का प्रयास न मानकर पूरे गांव का मिशन बनाया जाए। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को पाठ्यपुस्तक तक सीमित न रखकर सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति और समस्या समाधान जैसे विषयों में दक्ष बनाएं।
सर्वांगीण विकास और मार्गदर्शन पर जोर
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साजापाली के व्याख्याता श्री इंद्रसेन सिदार ने बताया कि इस स्मार्ट क्लास का उद्देश्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल और परिस्थितियों से मुकाबला करने की क्षमता विकसित करना है। इसके माध्यम से बच्चों को नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, प्रयास और एकलव्य जैसे प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए खुद को मेहनत, अनुशासन और ज्ञान से मजबूत बनाना होगा।
वहीं, 'भूमि बंधु' संस्था के प्रतिनिधि श्री दीपक जगत ने कहा कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों को सही मार्गदर्शन मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस प्रयास को गांव के बच्चों के सपनों को पंख देने की शुरुआत बताया।
वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री संतलाल सारथी, व्याख्याता श्री हुकुमचंद सिदार (गढ़फुलझर), श्री संजय तांडी (बड़े साजापाली), वरिष्ठ नागरिक श्री लगनसाय सिदार, सरपंच प्रतिनिधि श्री परदेसी यादव, श्री दुतीयालाल सिदार, प्रधान पाठक श्री गणेश दास, शिक्षक श्री महादेव प्रधान, श्री दुर्बादल साव, श्रीमती चंपा जगत, श्री अगरचन्द साव, श्री चंद्रकांत माझी, श्री मुकेश कुमार पाण्डे, श्रीमती अंजलि बरिहा, भूमि बंधु संस्था के प्रतिनिधि और स्मार्ट क्लास के शिक्षक श्री जयपाल रनबीड़ा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन और निरंतर निगरानी में श्री श्रवण सिदार का सराहनीय योगदान रहा। मंच संचालन प्रधान पाठक श्री गणेश दास ने किया, जबकि कायतपाली प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री अगरचन्द साव ने सभी का आभार व्यक्त किया। यह पहल साबित करती है कि प्रतिभा किसी शहर की मोहताज नहीं होती, बस सही समय पर सही मार्गदर्शन मिलने से गांव के बच्चे भी सफलता के नए आयाम गढ़ सकते हैं।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.