दिनांक : 30 सितंबर 2026
जिला : विदिशा
विदिशा पुलिस ने चार वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव छिपाने के मामले का चंद घंटों में किया खुलासा, पिता व भाभी गिरफ्तार
गुमशुदगी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल शुरू की तलाश, घर के पीछे बने गड्ढे से बरामद हुआ बच्ची का शव
थाना गंजबासौदा शहर में चार वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव छिपाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में प्रकरण का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 29.09.2026 को फरियादी लल्ला आदिवासी पिता शोभाराम आदिवासी उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम सुनारी द्वारा अपनी चार वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने संबंधी रिपोर्ट थाना गंजबासौदा शहर में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 712/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी द्वारा बच्ची की शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) गंजबासौदा श्रीमती शिखा भलावी के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल की टीमें गठित कर तत्काल तलाश शुरू की गई।
पुलिस कार्रवाई एवं प्रकरण का खुलासा:
गठित पुलिस टीमों द्वारा बच्ची की तलाश एवं घटना से संबंधित तथ्यों की बारीकी से जांच की गई। तलाश के दौरान बच्ची घर के पीछे बने लेट्रिंग के गड्ढे के पास मृत अवस्था में मिली। प्रकरण में सामने आए भौतिक साक्ष्यों एवं संदेहियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लल्ला आदिवासी एवं उर्मिला आदिवासी से पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि उर्मिला आदिवासी द्वारा बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई तथा उसके बाद बच्ची के शव को घर के पीछे बने लेट्रिंग के गड्ढे में छिपा दिया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण में धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई। बच्ची के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया तथा शव परिजनों को सौंपा गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. लल्ला आदिवासी पिता शोभाराम आदिवासी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम सुनारी।
2. उर्मिला आदिवासी पत्नी तुलाराम आदिवासी, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम सुनारी।
महत्वपूर्ण भूमिका:
उक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गंजबासौदा श्रीमती शिखा भलावी, सुश्री रोशनी सिंह, थाना प्रभारी गंजबासौदा शहर निरीक्षक संजय वेदिया, उनि जय कुमार सिंह (थाना प्रभारी देहात बासौदा), उनि लक्ष्मण डाबर (थाना प्रभारी मुरबास), निरीक्षक सुरेश सोलंकी (थाना प्रभारी गुलाबगंज), उनि गौरव रघुवंशी (थाना प्रभारी त्योंदा), उनि रघुराज सिंह (थाना प्रभारी हैदरगढ़), उनि रोहित कौरव (थाना प्रभारी पथरिया), उनि राधेश्याम यादव सहित थाना गंजबासौदा शहर, देहात बासौदा, मुरवास, हैदरगढ़ एवं अन्य पुलिस बल के अधिकारी/कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.