अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर - चार दिन बाद भी हत्यारों को पकड़ने में मिली दुर्ग पुलिस की नाकामी के बीच स्वयं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र के खुड़मुड़ा गांँव पहुंँचे। जहाँ पहुँचकर उन्होंने घटनास्थल का अवलोकन किया और पीड़ित परिवार के शोक संतप्त लोगों को ढांढस बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घटना को जघन्य बताते हुये पुलिस को मामले की तह तक जाँच के निर्देश दिये वहीं पीड़ित परिवार के लिये सहायता का भी ऐलान किया। सीएम बघेल ने इस दौरान परिवार के चार बच्चों के लिये एक-एक लाख रुपये की फिक्स्ड डिपाजिट करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सभी बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च वो खुद उठायेंगे। फिलहाल मुख्यमंत्री ने बच्चों के पालन पोषण के लिये एक लाख रुपये मृतक के भाई को दिया है। मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम बघेल ने कहा कि बहुत दुखद घटना है, पुलिस इस मामले की जांँच कर रही है, मैं चाहूंँगा कि इस मामले में जल्द से जल्द आरोपी पकड़े जायें। पुलिस हर एंगल से जांँच कर रही है, भू माफिया हो, परिचित हो या फिर कोई और एंगल, किसी भी एंगल को छोड़ा नहीं जायेगा। पीड़ित परिवार में चारों बच्चे बहुत छोटे-छोटे हैं, सभी बच्चों के नाम पर एक-एक लाख रुपये की एफडी की जायेगी, वहीं मृतक के भाई जो इन बच्चों का लालन-पालन कर रहे हैं, उन्हें एक लाख रुपया दिया जायेगा, चूंकि ये मेरे विधानसभा की घटना है, इसलिये चारों बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च मैं स्वयं उठाता हूँ। इस मौके पर संभागायुक्त श्री टीसी महावर, जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ श्री सच्चिदानंद आलोक, अपर कलेक्टर श्री प्रकाश सर्वे, एएसपी श्री रोहित झा और सुश्री प्रज्ञा मेश्राम , मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाटन के खुड़मुड़ा में चार दिन पहले एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गयी थी। पुलिस की जांँच में अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार में बेटे बहू के अलावे माता-पिता की भी हत्या कर दी गयी है। जबकि एक बच्चा गंभीर रुप से घायल है।
इसके पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सुबह बैरन बाजार स्थित चर्च पहुंँचकर इसाई समुदाय सहित प्रदेशवासियों को क्रिसमस पर्व की शुभकामनायें दी। साथ ही प्रभु यीशु से सभी लोगों के लिये सुख, समृद्धि की कामना भी की। सीएम बघेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिये हमें प्रेम, दया, करूणा और सेवा का मार्ग दिखाया। आज एक महान दिन है, आज ईश्वर की दया, प्रेम और करूणा के लिये उन्हें धन्यवाद कहने का दिन है। हमें उनके बताये मार्ग पर चलने और उनकी शिक्षाओं को अपने आचरण में अपनाने की जरूरत है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.