अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर -- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना महामारी के चलते प्रदेश के गरीब परिवारों को बड़ी राहत देते हुये जुलाई से नवम्बर माह तक का चांवल निःशुल्क प्रदान करने की घोषणा की है। इस घोषणा के तहत प्रदेश के सभी बीपीएल राशन कार्ड धारकों को जुलाई से नवम्बर तक पांच माह का चावल नि;शुल्क दिया जायेगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी सभी राशन कार्डों को पीएम गरीब कल्याण योजना के समकक्ष अतिरिक्त चावल भी देने की घोषणा की है । मुख्यमंत्री की इस घोषणा से प्रदेश के 67 लाख 90 हजार 987 राशनकार्ड के 02 करोड़ 51 लाख 46 हजार 424 सदस्य लाभान्वित होंगे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान करने के लिये सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत माह मई एवं जून का चावल का भी नि:शुल्क वितरण किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के तहत गरीब परिवारों को अब जुलाई से नवम्बर माह तक का चावल भी निःशुल्क दिया जायेगा।
इस निर्णय से प्रदेश के अंत्योदय राशन कार्ड , प्राथमिकता वाले राशन कार्ड , अन्नपूर्णा राशनकार्ड एवं निराश्रित तथा निशक्तजन को जारी राशन कार्डधारियों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही राज्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी सभी राशन कार्डधारियों को पीएम गरीब कल्याण योजना के समकक्ष अतिरिक्त चावल भी प्रदान किया जायेगा।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.