सूरजपुर -19 जुलाई 2021, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में प्रदान किये जाने वाले पद्म पुरस्कार हेतु वर्ष 2022 के लिये पात्र व्यक्तियों से निर्धारित प्रारूप में नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किया गया हैं। वर्ष 2022 में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान करने हेतु निर्धारित पात्रता एवं मापदंड अनुरूप स्पष्ट अनुशंसा सहित योग्य, पात्र व्यक्तियों के नामांकन प्रस्ताव 20 अगस्त 2021 तक संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण छ0ग0, रायपुर द्वारा मंगाई गई है।
प्रभारी खेल अधिकारी श्री शबाब हुसैन ने बताया कि पद्म पुरस्कार अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। इस पुरस्कार में ‘‘उत्कृष्ट कार्य‘‘ को मान्यता प्रदान की जाती है और इसे सभी क्षेत्रों, विषयों जैसे- कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरी, सार्वजनिक मामलों, नागरिक सेवा, व्यापार और उद्योग आदि में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों, सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। कोई भी व्यक्ति, किसी जाति, व्यवसाय, हैसियत या लिंग के भेदभाव के बिना, इन पुरस्कारों के पात्र है। इन पुरस्कारों से संबंधित विधान और नियमावली भारत सरकार के आधिकारिक वेबसाइट www.padmaawards.gov.in पर उपलब्ध है। पद्म पुरस्कार के लिए नामांकन केवल आॅनलाईन पोर्टल www.padmaawards.gov.in पर ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन में अनुशंसित व्यक्ति की उससे संबंधित क्षेत्र, विषय में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख करते हुए विवरणात्मक रूप में प्रशस्ति पत्र सहित उपर्युक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में उल्लिखित सभी प्रासंगिक जानकारी दी जानी चाहिए। आनलाईन नामांकन करने की क्रमवार प्रक्रिया उपर्युक्त वेबसाइट पर दी गई है। अंतिम तिथि के पश्चात् प्राप्त होने वाले नामांकन पर विचार नहीं किया जायेगा।
आनलाईन नामांकन पश्चात् जिला कार्यालय खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण जिला-सूरजपुर में नामांकन पत्र की छायाप्रति 20 अगस्त 2021 कार्यालयीन समय तक जमा किया जाना है। निर्धारित तिथि व समय के पश्चात् प्राप्त नामांकन पर विचार नहीं किया जावेगा। नामांकन की प्रक्रिया एवं पद्म पुरस्कार से संबंधित अधिक जानकारी हेतु कार्यालय खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण सूरजपुर से कार्यालयीन दिवस एवं समय पर संपर्क किया जा सकता है।




















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.