![]() |
| महिला क्रिकेट टीम ने दूसरा मैच जीतकर किया हिसाब बराबर |
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
होव (इंग्लैंड) - भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के होव में खेले गये तीन मैचों की दूसरे टी -20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड की महिला टीम को आठ रनों से हराते हुये सीरीज जीतने की उम्मीदों को बरकरार रखा है। पहले खेलते हुये भारतीय टीम ने 20 ओवर में 04 विकेट पर 148 रन बनाये जबकि इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 08 विकेट पर 140 रन ही बना सकी।
भारतीय टीम के दूसरा मुकाबला जीतने पर यह सीरीज अब बराबर हो गई है। इसका पहला मैच मेजबान इंग्लैंड ने जीता था और अब दूसरा मैच भारत ने जीत लिया है , ऐसे में सीरीज का नतीजा अंतिम मुकाबले से निकलेगा।
तीन मैचों की दूसरे टी-20 मुकाबले में होव में मेजबान इंग्लैंड ने टास जीतकर भारत को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। स्मृति मन्धाना और शेफाली वर्मा ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत देते हुये पहले विकेट के लिये 70 रन जोड़े। शेफाली वर्मा ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुये 38 गेंदों पर 48 रन बनाये जिसमें कैथरीन ब्रंट के ओवर में लगातार पांच चौके भी शामिल थे। मन्धाना ने भी 16 गेंद पर 20 रन बनाये । कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रन गति कम नहीं होने दी और 25 गेंदों पर 31 रन की पारी खेली।
और भारतीय टीम का स्कोर 04 विकेट पर 148 रन तक पहुंचा। इंग्लैंड के लिये नताली सीवर, डेविस , साराह ग्लेन और मैडी ने एक-एक विकेट लिये। लक्ष्य का पीछा करते हुये इंग्लैंड की महिलाओं की शुरुआत खराब रही। डेनियल वाकट महज 03 रन बनाकर चलती बनीं। उनके बाद नताली सीवर भी एक रन बनाकर आउट हुईं और इंग्लैंड की स्थिति खराब हुई लेकिन टैमी ब्यूमोंट और हीदर नाईट ने मामला सम्हाल लिया।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिये अर्धशतकीय भागीदारी की। ब्यूमोंट 59 रन बनाकर आउट हुईं। हीदर नाईट (30) के आउट होते ही इंग्लैंड की अन्य बल्लेबाज रनों के लिये संघर्ष करती दिखी। भारतीय टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुये आठ विकेट गिराकर निर्धारित 20 ओवर में इंग्लैंड की टीम को 140 रनों पर ही रोक दिया। पूनम यादव ने अपने चार ओवरों में 17 रन देकर दो विकेट लिये , जबकि अरुंधति रेड्डी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट लिया। इंग्लैंड की तरफ से सबसे ज्यादा 59 रन सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने बनाये , जबकि कप्तान हीथर नाइट ने 30 रन बनाये। इस तरह तीन मैचों की सीरीज में अब दोनों टीमें एक-एक से बराबरी पर हैं। अंतिम टी-20 मैच 14 जुलाई को खेला जायेगा। बता दें इससे पहले खेली गई वनडे सीरीज को इंग्लैंड की टीम ने 2-1 से अपने नाम किया था , जबकि टेस्ट सीरीज का एकमात्र मुकाबला बारिश की वजह से ड्रॉ रहा था। भारतीय टीम की निगाहें अब टी-20 सीरीज जीतकर इंग्लैंड से हिसाब बराबर करने पर होंगी। अगर भारत ये सीरीज जीतता है तो फिर इंग्लैंड और भारत इस दौरे पर एक-एक सीरीज जीतने में सफल होंगे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.