अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चांपा -- हसौद पुलिस की डायल 112 की टीम ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थिति में मदद कर मानवता की मिशाल पेश की है। टीम द्वारा वाहन में ही सुरक्षित प्रसव कराकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया , जहां जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये हसौद थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पराज साहू ने अरविन्द तिवारी को बताया कि बीती रात्रि लगभग दस बजे सुमिति महंत निवासी किकिरदा , थाना बिर्रा ने फोन कर बताया कि उनकी भतीजी बहू मीना महंत (20 वर्षीया) पति नारायण महंत को प्रसव पीड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही तत्काल उसके परिजनों के साथ हसौद डायल 112 से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसौद के लिये रवाना किया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में देवरीमठ के पास अचानक महिला प्रसव पीड़ा से व्याकुल हो गई। तब टीम 112 द्वारा गाड़ी में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया , जहां महिला ने वाहन में ही स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसौद में दाखिल करा दिया गया , डायल 112 की सूझबूझ से जच्चा बच्चा दोनो स्वस्थ है। परिजनों ने सुरक्षित प्रसव के लिये टीम 112 को धन्यवाद दिया है। उक्त कार्यवाही में थाना हसौद टीम 112 में तैनात आरक्षक लीलाराम साहू एवं चालक मुकेश जायसवाल का विशेष योगदान रहा। बताते चलें कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2018 से संचालित आपातकालीन सेवा डायल 112 की ईआरवी वाहन आमजनों के लिये विपरीत परिस्थितियों में काफी मददगार साबित हो रही है। इस सुविधा के जरिये आमजन एक कॉल में मेडिकल , पुलिस व फायर की सुविधा ले रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान डायल 112 बेहद हितकारी साबित हुई है।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.