शासन के सहयोग से होगा चार माह के बालक दैविक का इलाज। प्रशासन के सहयोग से बालक के पिता को व्यवसाय के लिए उपलब्ध कराया जाएगा हाथ ठेला
कलेक्टर ने आर्थिक मदद के रूप में दिए बीस हजार रूपए।
बालोद, 04 दिसम्बर 2021
जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम सिवनी के श्री डामन लाल साहू के चार माह के पुत्र दैविक के दिल में छेद होने और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने उसे तत्काल संज्ञान में लिया। उन्होंने परिवार की स्थिति की जानकारी ली और बच्चे की दादी श्रीमती पीला बाई को आज प्रातः 11 बजे जिला कार्यालय बुलाया। बच्चे की दादी ने कलेक्टर को बताया कि उसका चार माह का पोता दैविक जिला अस्पताल बालोद में इलाज के लिए भर्ती है। डॉक्टरों ने उसके दिल में छेद होना बताया है। उसने बताया कि उसका बेटा और बहू भी बच्चे के देखरेख के लिए अस्पताल में है। बच्चे का दादा लकवाग्रस्त है और बच्चे के पिता का पीलिया का इलाज चल रहा है। आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है।
कलेक्टर ने परिवार की समस्या सुनने के बाद कहा कि शासन के सहयोग से बच्चे के दिल का ऑपरेशन कराया जाएगा। दवाई का खर्च भी वहन किया जाएगा। इससे पूर्व बच्चे का उचित उपचार कर ऑपरेशन के उपयुक्त उसके स्वास्थ्य में सुधार लाया जाएगा। बच्चे की दादी द्वारा रोजगार की मॉग किए जाने पर कलेक्टर ने कहा कि बच्चे के पिता को व्यवसाय के लिए हाथठेला उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने परिवार की आर्थिक मदद के रूप में बच्चे की दादी श्रीमती पीला बाई को बीस हजार रूपए प्रदान किया।
कलेक्टर ने जिला अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.के.श्रीमाली से चर्चा कर बच्चे के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली और बच्चे का उचित देखभाल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के तहत् बच्चे की मॉ को गरम भोजन प्रदाय करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एस.डी.एम. श्री जी.डी.वाहिले, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के.सोनी मौजूद थे।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.