मगरदर्रा में 17.37 लाख रुपये के विकास
कार्यों का आयुष मंत्री श्री कावरे ने किया लोकार्पण
बालाघाट।मध्यप्रदेश शासन के आयुष मंत्री श्री रामकिशोर “नानो” कावरे ने आज 21 जनवरी को ग्राम मगरदर्रा में 17 लाख 37 हजार रुपये की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 15 वें वित्त आयोग की 07 लाख 37 हजार रुपये की राशि से बनाई गई हाई स्कूल भवन की बाउंड्रीवाल एवं मनरेगा की 10 लाख रुपये की राशि से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए बनाया गया ओपन कैब शामिल है।
लोकार्पण कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती खेलन नेती, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गायत्री कुमार सारथी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी श्री खरे, ग्राम पंचायत मगरदर्रा के प्रधान श्री श्यामसिंह चौहान, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक श्री चिंतामन पटले, श्री बारिकराम हरिनखेड़े, हाई स्कूल के प्राचार्य श्री गौतम, माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक श्री ओडी बोरकर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकायें एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष मंत्री श्री कावरे ने इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मगरदर्रा में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। मैं समाज की सेवा के लिए राजनीति में आया हूं और अपने लक्ष्य को लेकर सतत कार्य करते रहता हूं। मैं पद पर रहूं या ना रहूं लेकिन अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए हमेशा कार्य करता रहूंगा। हम पद पर रहे बगैर भी अपने क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहते है। मन में अच्छा करने का संकल्प हो और मन साफ हो तो हर काम को करना संभव होता है।
मंत्री श्री कावरे ने कहा कि मगरदर्रा के हाई स्कूल में पहले बाउंड्रीवाल नहीं थी। लेकिन अब 15 वें वित्त आयोग की राशि से स्कूल की बाउंड्रीवाल बन गई है। इससे हाई स्कूल का परिसर अच्छा बन गया है और बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित मैदान भी उपलब्ध हो गया है। मंत्री श्री कावरे ने कहा कि इस विद्यालय में सभामंच बनाने के लिए वे अपनी विधायक निधि से आवश्यक राशि प्रदान करेंगें और सभामंच का शीघ्र निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से कहा कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उनमें प्रतिस्पर्धा का भावना का विकास करें। जिससे गांव के स्कूल से बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होकर देश सेवा में अपना योगदान दे सके।
मंत्री श्री कावरे ने ग्रामीणों से कहा कि वे आयुष चिकित्सा पद्धति को अपनायें और स्वस्थ्य रहने के लिए अपने घरों में सभी औषधीय पौधों को लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमारा शरीर प्रकृति के अनुरूप व्यवहार करता है। हमें अपने शरीर के साथ अन्याय नहीं करना चाहिए। स्वस्थ्य रहने के लिए योग व्यायाम के साथ नियमित दिनचर्या को अपनायें। समय पर सोने एवं सुबह दिन निकलने की पहले उठने की आदत डालें। मंत्री श्री कावरे ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में हमने अपनों को खोया है। अब तीसरी लहर के आने की संभावना बताई जा रही है। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क अवश्य लगायें और दो गज की दूरी का पालन करें और कोविड वैक्सीन के दोनों डोज अवश्य लगवायें।
कार्यक्रम में आयुष मंत्री श्री कावरे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के आवास पूर्ण होने पर उन्हें प्रमाण पत्रों का वितरण किया और नये आवास में नया जीवन प्रारंभ करने के लिए इन हितग्राहियों को बधाई दी। इन हितग्रहियों को आवास निर्माण के लिए सभी किश्तें मिल चुकी है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.