कोरोना काल की आने वाली तीसरी लहर को देखते हुये सीटी स्कैन मशीन के वादे को याद दिलाने हेतु दमोह विधायक अजय टण्डन
दमोह। कोरोना काल की आने वाली तीसरी लहर को देखते हुये सीटी स्कैन मशीन के वादे को याद दिलाने हेतु दमोह विधायक अजय टण्डन विधायक मुझे पूरी उम्मीद है कि आपको ये विदित होगा कि आप लगभग साढ़े पांच फिट, लगभग 60-70 किलोग्राम के दमोह विधायक है। शारिरिक और खासतौर पर मानसिक रूप से बिल्कुल स्वस्थ भी है। आज आपको ये खत लिखने की आवश्यकता इसलिए आन पड़ी विधायक क्योंकि आपने दमोह की भोली भाली परन्तु समझदार जनता से चेतनावस्था में एक वादा किया था कि मैं दमोह विधायक सुविधाओं के अभाव से जूझ रही दमोह की जनता को सीटी स्कैन मशीन लाकर दूंगा।
आपका ये वादा दमोह के प्रत्येक व्यक्ति को याद है, मुझे लगा आप जिले की सबसे मुख्य विधानसभा सीट के विधायक है तो आपको भी याद होगा ही। एक दिन मैंने यही बात आपके शुभचिंतकों से पूछी कि विधायक ने जो वादा किया था दमोह की जनता से उसे विधायक कब पूरा कर रहे है। तो शुभचिंतक बोले कि दृगपाल सिंह लोधी तुम्हें ये तो याद है कि विधायक ने सीटी स्कैन मशीन का वादा किया था लेकिन तुम ये भूल गए कि उससे पहले चुनाव के दौरान, बड़ी बड़ी और खचाखच भरी सभाओं में गला फाड़ के विधायक जी ने एक वादा और किया था कि मैं विधायक बनने के बाद विधानसभा हिला दूंगा क्या तुम वो वादा भूल गए दृगपाल मैंने बड़े ही दबे स्वर में कहा कि नही शुभचिंतक मै नही भूला विधायक वो महाप्रण तो विधायक फिर आपके शुभचिंतक ने जो जबाब दिया, उसके बाद मेरे पास बोलने को कुछ रहा ही नही, मैं बिल्कुल मौन रह गया और विधायक जी आपके प्रति मेरे मन में अटूट स्नेह का भाव उमड़ पड़ा। विधायक जानते है आपके शुभचिंतक ने क्या कहा, आपके शुभचिंतक ने कहा कि विधायक सीटी स्कैन मशीन का वादा भूले नही है बल्कि वो अपना सर्वप्रथम वादा पूरा करने पर अड़े हुए है, जो वादा उन्होंने खुद से और हमारी दमोह की जनता से किया था कि श्विधायक बनने के बाद मैं विधानसभा हिल्ला दूंगा तो दृगपाल मैं तुम्हें बतला दूँ कि हमारे कर्मठ, जुझारू, ईमानदार विधायक अजय टण्डन भोपाल विधानसभा के पीछे वाले हिस्से की दीवार पकड़कर पिछले कई महीनों से अकेले विधानसभा हिलाने की कोशिश में इस उम्मीद के साथ लगे हुए है कि आज नही तो कल मैं अपनी दमोह की जनता से किया हुआ वादा पूरा करने में सफल जरूर रहूँगा।
इसके बाद शुभचिंतक कहते कि अरे विधायक तो वो व्यक्ति है जो बिना अपना वादा पूरे किए घर ही नही लौटेंगे और तुम खुद ही बताओ कि चुनाव के बाद कभी दिखे तुम्हे हमारे विधायक, किसी गॉव, किसी गली, किसी मुहल्ले में। नही दिखे होंगे पता है क्यों, क्योकि दमोह की जनता ने वास्तव में एक ईमानदार विधायक को चुनकर ही विधानसभा भेजा है। जो विधानसभा में फालतू की बहस करने, फालतू के मुद्दों को उठाने की जगह सिर्फ और सिर्फ अपने काम पर अड़ा रहता है। एक ऐसा विधायक जो इस बुढ़ापे में भी, जो ऐसी ठंड में भी विधानसभा की दीवार पकड़कर उसे हिलाने की कोशिश में लगा है। अरे दमोह की जनता को तो कंधे से कंधा मिलाकर ऐसे विधायक का साथ विधानसभा हिलाने में देना चाहिए।
विधायक आपके शुभचिंतक की ये बाते सुनकर, आपके संघर्ष को देखकर वास्तव में मेरी आँखें नम हो गई और एक वादा किया मैंने खुद से कि भले ही एक दिन के लिये लेकिन मैं आपके साथ विधानसभा की वो दीवार पकड़ कर हिलाने जरूर चलूंगा। विधायक मैं इस खत के माध्यम से अपील करता हूं दमोह की जनता से कि आप भी ऐसे जुझारू विधायक का इस संघर्ष में साथ दे और रही सीटी स्कैन मशीन की बात तो उसकी तो कोई बात ही नही है, जिस दिन विधानसभा हिलाने में हमारे विधायक सफल हो जाएंगे, उसी दिन दमोह को सीटी स्कैन मशीन की सौगात मिल जाएगी।
विधायक इसी उम्मीद के साथ कि आपको जो दमोहवासियो द्वारा कीमती वोट प्रदान की गई थी, उसकी अहमियत समझते हुए, उसका सदुपयोग करते हुए, आप यूँ ही निरन्तर, निस्वार्थ भाव से विधानसभा हिलाने के बेहद जरूरी काम मे लगे रहेंगे और उसके बाद जैसे ही दमोह की जनता को कोरोना काल की भांति दुबारा सीटी स्कैन मशीन की आवश्यकता महसूस होगी। आप अपने मुखारविंद से दुबारा सीटी स्कैन मशीन देने का वादा करेंगे। आप हमेशा स्वस्थ रहे, खुश रहे, आप और आपका व्यापार यूँ ही फैलता रहे, ऐसी हम समस्त दमोहवासी कामना करते है।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.