3 फरवरी को 15 स्थानों पर नेत्र शिविर का आयोजन
बालाघाट -राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मोतियाबिंद के मरीजों का पता लगाकर उनकी आंखों का आपरेशन कर उन्हें नई नेत्र ज्योति प्रदान करने के लिए जिले में चालू फरवरी माह में 15 विभिन्न स्थानों पर नेत्र शिविरों के आयोजन का कार्यक्रम बनाया गया है। यह शिविर स्वास्थ्य विभाग, स्वयं सेवी संस्था दादा वीरेन्द्र पुरी जी नेत्र संस्थान जोतपुर, तिलवाराघाट जबलपुर एवं महावीर इंटरनेशनल बालाघाट के सहयोग से आयोजित किये जायेंगें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडेय ने बताया कि सुभाष चौक बालाघाट स्थित कस्तुरा युति भवन में प्रतिदिन नेत्र रोगियों का पंजीयन किया जा रहा है। आज 03 फरवरी को गढ़ी एवं दमोह में नेत्र शिविर का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार 04 एवं 17 फरवरी को सिविल अस्पताल वारासिवनी, 07 एवं 18 फरवरी को रामपायली व खैरलांजी, 14 फरवरी को परसवाड़ा, चरेगांव व लामता, 15 फरवरी को सिविल अस्पताल बैहर व सोनगुड्डा, 23 फरवरी को अरिहंत कालेज गर्रा-बालाघाट, 08 एवं 21 फरवरी को लालबर्रा, 09 एवं 22 फरवरी को कटंगी, 10 एवं 23 फरवरी को किरनापुर तथा 11 व 24 फरवरी को सिविल अस्पताल लांजी में शिविर लगाया जायेगा।
शिविर में एकत्रित हुए मोतियाबिंद के मरीजों का आपरेशन देव नेत्रालय जबलपुर में किया जायेगा। मरीजों को आपरेशन के लिए देव नेत्रालय जबलपुर ले जाने एवं वापस लाने की जिम्मेदारी एवं व्यवस्था देवजी नेत्रालय स्वयं सेवी संस्था की होगी। महावीर इंटरनेशनल द्वारा मरीजों को चश्मा वितरण का कार्य किया जायेगा। स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता, सुपरवाईजर, आशा कार्यकर्त्ता एवं आशा पर्यवेक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक मोतियाबिंद के संभावित मरीजों को इन शिविरों में लेकर आयें।

















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.