सीएनआई न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू की रिपोर्ट
बालोद।जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में किसानों के खाते में घोटाले के मामले को लेकर बुधवार को तीसरे दिन भी किसानों ने बैंक के सामने धरना प्रदर्शन किया।जिसमें क्षेत्र के कई गांव के लगभग 2000 किसान पहुंचे थे,वहीं धरना प्रदर्शन स्थल पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष व अन्य अधिकारियों के बीच किसानों के मध्य निर्णायक चर्चा हुई। इसमें कई मुद्दों पर सहमति बनी और आगामी दिवस तक के लिए धरना प्रदर्शन स्थगित किया गया। बुधवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष जवाहर वर्मा, बैंक की सीईओ अपेक्षा व्यास सहित जिले से अनेक अधिकारी पहुंचे।
धरना स्थल पर बातचीत में व्यवधान ना हो इसलिए दो किसानों को बोलने के लिए अधिकृत किया गया। इनके बीच अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई। बैंक के अफसरों ने एक माह का समय मांगा इस पर किसानों ने कहा कि हम आपको डेढ माह का अवसर दे रहे हैं। डेढ माह में हमारे सभी किसानों के खाते में राशि आ जानी चाहिए। वही अफसरों ने डेढ माह में जांच पूरी हो जाने की बात भी कही।
हर सप्ताह 65 किसानों के खाते में आएगी राशि
चर्चा के दौरान किसानों ने सवाल किया कि तीन दिन में सभी किसानों के खाते में राशि आज आने की बात उस समय कही गई थी, लेकिन अभी तक मुश्किल से 10 किसानों के खाते में ही राशि आई है। इस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अफसरों ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह 65 किसानों के खाते में राशि डाली जाएगी। इस पर किसानों ने भी संतुष्टि जाहिर की और कहा कि प्रतिदिन बैंक के कार्यों को देखने हमारे किसान प्रतिनिधि या उपस्थित रहेंगे। इसी दौरान 5 किसानों की एक समिति भी बना दी गई जो प्रतिदिन बैंक में चल रहे कार्यों की जानकारी लेंगे।
चर्चा के दौरान अनेक किसान सहित भाजपा व कांग्रेसी नेता भी शामिल रहे। इस दौरान पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, पूर्व विधायक गुंडरदेही बीरेंद्र साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार,जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर, कृतिका साहू, किसान नेता पवन साहू, विकास जैन, तेजराम साहू, श्रवण ठाकुर, प्रेमलाल साहू,टीकम साहू,मुरलीधर साहू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.