कलेक्टर ने ली राज्योत्सव की तैयारियों के संबंध मे बैठक
01 नवम्बर को राजा फतेह सिंह खेल मैदान मे होगा कार्यक्रम
संजू महाजन के साथ सोमेश लहरें की रिपोर्ट
खैरागढ़ 28 अक्टूबर 2022-01 नवम्बर को राज्य स्थापना के 22 वर्ष पूर्ण होने पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ मे एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रम में विधायक खैरागढ़ श्रीमती यशोदा वर्मा मुख्य अतिथि होंगे। खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान मे विभिन्न विभागों की विकास गतिविधियों और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जायेगी। कलेक्टर डॉ. जगदीश कुमार सोनकर ने कल कलेक्टोरेट सभाकक्ष मे विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर एक दिवसीय राज्योत्सव की तैयारी करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने कहा कि राज्योत्सव मे छत्तीसगढ़ी कलाकारों द्वारा 01 नवम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। बैठक में जिलाधीश ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को राज्योत्सव में लगने वाले छायाचित्र प्रदर्शनी व स्टॉल की जानकारी ली और अपने-अपने विभागों से संबंधित शासन की योजनाओं को फ्लैक्स, बेनर, पोस्टर आदि के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 01 नवम्बर को जिला मुख्यालय, तहसील विकासखण्ड स्तर के सभी सरकारी भवनों मे रात्रि मे विद्युत रोशनी की जायेगी। बैठक मे एसडीएम खैरागढ़ प्रकाश सिंह राजपूत, एसडीएम छुईखदान-गंडई सुनील शर्मा, डिप्टी कलेक्टर आभा तिवारी एवं रेणुका रात्रे, टकेश्वर साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारी, जनपद पंचायत के सीईओ एवं नगरीय निकाय के सीएमओ उपस्थित थे।



















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.