महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क से आत्म निर्भर गांव का सपना होगा साकार-मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल
जिले में आठ रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का किया गया शिलान्यास
जिले के प्रत्येक विकासखंड के दो गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क होंगे विकसित
कवर्धा, 02 अक्टूबर 2022। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन की महत्वकांक्षी योजना ’महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना’ के शुभारंभ और विभिन्न जिलों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर ने कबीरधाम जिले के चार विकासखंड के 8 चयनित गौठानों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) का शिलान्यास किया। इसके अंतर्गत बोड़ला विकासखंड के चिल्फी और बांधाटोला (सुकवापारा), कवर्धा विकासखंड के दशंरगपुर और मंजगांव, पंडरिया विकासखंड के ग्राम भुवालपुर और कांपादाह और सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम सुरजपुरा जंगल और रणवीरपुर के गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के संचालन के लिए शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविंद्र चौबे, वनमंत्री श्री मोहम्मद अकबर, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिल भेंड़िया विशेष रूप से उपस्थित थे। कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला भट्ट, कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे उपस्थित थे।
*CNI NEWS कवर्धा छत्तीसगढ़ से अनवर खान की रिपोर्ट।*





















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.