अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चांपा - जिला मुख्यालय के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत आनेवाले माँ शँवरीन दाई की पावन धरा ग्राम अमोरा (महंत) में गौरी रानी का महापर्व बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। भक्तों द्वारा कई तरह के बाजे गाजे के साथ झांकियांँ निकालकर गाँव के सागर तालाब में विसर्जन किया गया। गौरतलब है कि अनादि काल से अमोरा गांँव में नवरात्रि के प्रथम दिन से ही गौरी रानी स्थापित करने की परंपरा चली आ रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी नवरात्रि प्रतिपदा के दिन से यहांँ लगभग चालीस जोड़ी शिव पार्वती के प्रतीक गौरी रानी स्थापित की गई थी। जिसकी प्रतिष्ठा कर दस दिनों तक विधि विधान से पूजा अर्चना कर विभिन्न प्रकार के बाजे गाजे के साथ कुँवारी कन्याओं द्वारा गौरी रानी को सिर में धारण कर युवाओं द्वारा अस्त्र शस्त्रों का संचालन करते हुये झांकी निकालकर सागर तालाब में महाआरती के बाद विसर्जन किया गया। माँ अष्टभुजी दुर्गा समिति के संचालक जितेन्द्र तिवारी ने बताया कि गौरी रानी महापर्व हमारे यहां लगभग डेढ़ सौ सालों से अनवरत मनाई जा रही है।इनकी पूजा आराधना से सुख , शांति एवं समृद्धि मिलती है। गौरी रानी का यह महापर्व चूंकि जिले के एकमात्र ग्राम अमोरा में ही मनाया जाता है इसलिये प्रदेश भर के श्रद्धालु और दर्शकगण भारी संख्या में यहांँ पहुंँचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुये गाँव में लगे मेला का भी आनंद उठाते नजर आये। इस कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों एवं मीडियाकर्मियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं इस कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय सहित उनके स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसी तरह से जिला मुख्यालय जांजगीर बाजारपारा में भी सरोज अशोक शर्मा के यहां गौरी रानी महापर्व मनाया गया।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.