कलेक्टर पहुंचे धान खरीदी केंद्र सलबा, तौल में सावधानी बरतने की दी चेतावनी
अवैध धान पर छापामार कार्यवाही जारी...प्रशासनिक टीम द्वारा अलग अलग कार्रवाई में लगभग 215 धान बोरी जप्त...
कोरिया जिला शासन की प्राथमिकता के अनुरूप कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह स्वयं जिले में धान खरीदी कार्य की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हर दिन शाम को गूगल मीट के जरिए धान खरीदी, टोकन जारी करने, धान को आवक और उठाव, बारदानों की उपलब्धता आदि की समीक्षा की जाती है। इसके साथ ही कलेक्टर स्वयं धान खरीदी केंद्रों में औचक निरीक्षण के लिए भी पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर आज बैकुंठपुर के धान खरीदी केंद्र सलबा पहुंचे। औचक निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर ने धान बेचने आए किसानों से बात कर उपार्जन केन्द्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों ने बताया कि यहां पेयजल, बैठने सभी की व्यवस्था है। मदद के लिए हम्माल भी हैं। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक से जारी टोकन और अब तक हुई खरीदी की जानकारी ली।
इसी बीच कलेक्टर ने रैंडम रूप से बोरियों का तौल कराया, जिनमें कुछ बोरियों के तौल में अधिक वजन सामने आया। कलेक्टर ने कड़ी चेतावनी देते हुए तुरंत सुधार के निर्देश दिए और किसानों को भी जागरूक किया। इसके बाद उन्होंने पंजियों के संधारण का अवलोकन किया। जिसमें सभी पंजियों का उचित संधारण पाया गया। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को सख्त निर्देशित करते हुए कहा इस तरह औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिली तो कड़ी कार्यवाही होगी। उपार्जन केंद्रों में अवैध धान का आवक ना हो। किसानों के लिए समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहे। खरीदी केंद्रों में धान की स्टैकिंग और बारदाना संधारण का भौतिक सत्यापन भी किया जायेगा, किसी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
’प्रशासनिक टीम द्वारा अलग अलग कार्रवाई में लगभग 215 बोरी अवैध धान जप्त’
कलेक्टर श्री लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में प्रशासनिक टीमों के द्वारा अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में आज एसडीएम बैकुंठपुर के नेतृत्व में टीम द्वारा अलग अलग कार्रवाई में लगभग 215 बोरी अवैध धान जप्त किया गया। जिसमें पटना में धान खरीदी केंद्र में अमानक धान को खपाने का प्रयास किया जा रहा था। 125 बोरी लगभग 50 क्विंटल धान को जप्त कर मंडी की सुपुर्दगी में दिया गया।
इसी तरह जूनापारा बैकुंठपर के किराना दुकान संचालक वेदांश गुप्ता के गोदाम से 90 बोरा अवैध धान जप्ती की कार्यवाही की गयी।
*CNI न्यूज़ से साहिल अंसारी की रिपोर्ट*
*कोरिया, बैकुंठपुर छत्तीसगढ़*
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.