सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण... आंकड़े जुटाने घर-घर पहुंच रहे हैं अफसर
11 हजार से अधिक परिवारों तक पहुंची टीम, माह भर चलेगा सर्वे
जिले में जारी आर्थिक-सामाजिक सर्वेक्षण में जिला प्रशासन की टीम अब तक 11 हजार घरों तक पहुंच चुकी है। खैरागढ़ जिले के दोनाें ब्लॉक खैरागढ़ एवं छुईखदान में सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के लिए 5 सौ टीमें रोजाना घर-घर दस्तक दे रहीं हैं। एक अप्रैल से शुरू सर्वेक्षण में पिछले आठ दिनों में एक नगर पालिका, दो नगर पंचायत सहित जिले के 218 पंचायतों में सर्वेक्षण कार्य लगातार जारी है।
खैरागढ़. अधिकारी इसकी लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं तो दूसरी ओर सर्वेक्षण के लिए तैनात की गई टीमें भी घर-घर दस्तक दे रही है। जिला कार्यालय से मिली जानकारी मुताबिक सर्वेक्षण टीम अब तक जिले के 11162 परिवारों तक पहुंच गई है। इसमें खैरागढ़ ब्लॉक में 5731 और छुईखदान ब्लॉक में 5431 परिवारों का सर्वेक्षण कार्य किया जा चुका है। सर्वेक्षण 30 अप्रैल तक जारी रहेगा।
सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण के दौरान सर्वे टीम को सबसे ज्यादा परेशानी शादियों के चलते घरों में लगे ताले से हो रही है। बताया गया कि शादी सीजन के चलते कई परिवार बाल बच्चों सहित बाहर चले गए हैं। ऐसे परिवारों और घरों में पहुँचने के दौरान दरवाजों पर ताला लटका मिल रहा है। जिसके कारण सर्वेक्षण कार्य अटक रहा है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मकानों परिवारों के लोगों के नही मिलने के चलते घरों की नंबरिंग की जा रही है। जब परिवार वापस लौटेगा तो सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जाएगा। इसके अलावा सर्वेक्षण के दौरान परिवार के मुखिया के बाहर होने, युवाओं की महाविद्यालयीन परीक्षा सहित अन्य परेशानियां भी सामनें आ रही है। सर्वेक्षण टीम को ऐसे परिवारों का निर्धारित समयसीमा में सर्वेक्षण पूर्ण कराने निर्देश दिए गए हैं। अफसर घर-घर पहुंचकर डेटा तैयार कर रहे।
वैवाहिक आयोजनों में व्यस्त होने की वजह से कई घरों में ताला लटक रहे
मुख्यालय में रहने के आदेश का असर नहीं
सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. जगदीश सोनकर ने इसे आवश्यक कार्य बताते सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश देते अवकाश पर प्रतिबंध लगाया है लेकिन इसका असर जिला मुख्यालय में ही नहीं दिख रहा है। लगातार शासकीय अवकाश के चलते अधिकारी,कर्मचारी कार्यालयों से नदारद हैं तो कई बाहर से आना-जाना करने वाले अधिकारी भी अवकाश के चलते मुख्यालय में मौजूद नहीं हैं। सर्वेक्षण की जानकारी और कार्रवाई करने से जुडे़ जिम्मेदार अधिकारी,कर्मचारी भी घरों से ही इसकी व्यवस्था बनाने में जुटे हैं।
सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कार्य निर्धारित गति से लगातार जारी है। रोजाना टीम परिवारों तक पहुंच रही है। बाहर गए परिवारों के घरों की नंबरिग की जा रही है। वापस आने पर सर्वेक्षण कार्य किया जाएगा।
राजकुमार सोलंकी, नोडल अधिकारी, सर्वेक्षण, जिला खैरागढ़
सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.