उपचुनाव में घोषणा के बाद भी नहीं खुला सहकारी बैंक, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
खैरागढ़. ब्लॉक में बनाए गए उपतहसील जालबांधा में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर बैंक शाखा का संचालन त्वरित रूप से शुरू कराने की मांग की। जनपद सदस्य जानकी बंजारे, पूर्व सदस्य गेंदलाल कुर्रे, अशोक साहू, चंदन वर्मा, महेश साहू, महेन्द्र कुमार, त्रिभुवन वर्मा, कोमेश साहू, बीरबल वर्मा ने कलेक्टर गोपाल वर्मा को सौंपे ज्ञापन में कहा कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान जालबांधा में उपतहसील कार्यालय के साथ जिला सहकारी बैंक की शाखा खोले जाने की घोषणा कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल था।
चुनाव बाद उपतहसील का संचालन तो शुरू कर दिया गया लेकिन जिला सहकारी बैंक शाखा संचालन की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो पाई। सहकारी बैंक नहीं होने से जालबांधा सहित आसपास के दर्जन भर से अधिक गांव के किसानाें को आज भी 20 किमी का सफर कर खैरागढ़ जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है।
जालबांधा सेवा सहकारी समिति से 2 हजार से अधिक किसान जुडे़ हैं। समिति के कार्यों के बाद बैंक कार्य के लिए खैरागढ़ तक आवाजाही करने से किसानाें को सालों से परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। जालबांधा में सहकारी बैंक की शाखा खुलने से दर्जन भर से अधिक गांवों के किसानों और क्षेत्रवासियाें को बैंक कार्य सुलभता से संचालित होंगे। जनप्रतिनिधियाें और ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुख्यमंत्री की सहकारी बैंक शाखा खोले जाने की घोषणा को जल्द पूरा करने और संचालन शुरू करने की मांग दोहराई।
*सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.