टैंकरों से बनानी पड़ी व्यवस्था, पानी के लिए वार्डवासियाें को करनी पड़ी मशक्कत, शहर में आए दिन यह परेशानी सामने आ रही, लोग हो रहे हलाकान
बोर में भरा कीचड़, सोनेसरार, अमलीपारा मेें पेयजल आपूर्ति बाधित
नए बन रहे मांगलिक भवन निर्माण के दौरान कराए गए बोर का पानी पुराने बोर में भरने के चलते गुरूवार को शहर के सोनेसरार वार्ड में पेयजल सप्लाई बाधित हो गई। पुराने पाइप लाइनाें में पानी नहीं आने से सोनेसरार वार्ड के अधिकांश घराें को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई।
प्रचंड गर्मी का असर, कई वार्डों में संकट
खैरागढ़. इसके बाद भड़के नागरिकों ने पालिका को इसकी सूचना दी लेकिन पालिका द्वारा भेजे गए पानी टैंकर चौक की बजाय एक-दो घरों के सामने खड़े कर दिए जाने से पेयजल के लिए भटक रहे नागरिकों की नाराजगी फिर से बढ़ा दी। हालांकि पालिका को इसकी सूचना देने के बाद भी दोपहर तक व्यवस्था नहीं बन पाई थी।
सोनेसरार वार्ड में अमलीपारा चौक स्थित पालिका के बोर से पेयजल सप्लाई की जाती है। इसी जगह पर पालिका द्वारा सर्व समाज अंबेडकर मांगलिक भवन का निर्माण शुरू कराया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद यहां बुधवार को ठेकेदार ने नया बोर खनन करवाया।
पुराने बोर से सटे ही खनन होने से नए बोर से निकले पानी कीचड़ सहित दलदल पुराने बोर में भर गया। इससे पूरे वार्ड में सप्लाई देने वाला बोर पूरी तरह जाम होकर बंद हो गया। इसके चलते गुरुवार को सोनेसरार वार्ड सहित अमलीपारा वार्ड में पेयजल सप्लाई बाधित हो गई।
मारामारी हो रही
ऐन गर्मी और शादी का सीजन होने के चलते अधिकांश घराें में पानी के लिए मारामारी मच गई। टैंकर भी ऐसे जगहों पर भेज कर खड़े कर दिए गए। जहां से लोगाें को पानी लाने मशक्कत करनी पड़ी। पालिका के जल विभाग प्रभारी मनोज शुक्ला ने बताया कि नया बोर खनन से निकले कीचड़ के चलते पुराना बोर जाम हो गया था। उसकी सफाई करवाई जा चुकी है। शाम को सोनेसरार वार्ड में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। पेयजल आपूर्ति के लिए वार्ड में पर्याप्त पानी टैंकर भेजकर व्यवस्था बना ली गई थी।
शहर के आधा दर्जन वार्डों में गर्मी के दौरान होने वाली पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। दाउचौरा, शिवमंदिर रोड, सोनारपारा, इतवारी बाजार, धरमपूरा, सोनेसरार, खम्हरिया सहित कुछ वार्डो में पानी की समस्या बरकरार है। लो प्रेशर के कारण वार्डों के सार्वजनिक नल और घरों में लगे नलों से पानी नही आने की समस्या बढ़ी है। वार्डों में पेयजल आपूर्ति करने अतिरिक्त टेंकरों से सप्लाई जरूर की जा रही है लेकिन इससे राहत नहीं मिल पा रहा है। हालांकि पालिका किसी भी वार्ड में जलसंकट नहीं होने का दावा कर रहा है परंतु स्थिति इसके विपरीत है। फिलहाल अधिकारियों ने टैंकर से जलापूर्ति के साथ समस्याओं के त्वरित निराकरण होने की बात कही है।
सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.