अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
पापुआ न्यू गिनी - भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में एफआईपीआईसी शिखर सम्मेलन में शामिल होने रविवार को पापुआ न्यू गिनी पहुंचे। यहां पहुंचने पर पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूये।पीएम मोदी का पापुआ न्यू गिनी के मोरेस्बी (जैक्सन) अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पारंपरिक ढंग से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय वहां मौजूद रहे। पीएम को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। पीएम पापुआ न्यू गिनी में अपने समकक्ष जेम्स मारापे के साथ 22 मई को भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच (एफआईपीआईसी) के तीसरे शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। बताते चलें तीन देशों के अपने दौरे के दूसरे चरण में मोदी पापुआ न्यू गिनी पहुंचे हैं। ये किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पापुआ न्यू गिनी की पहली यात्रा है। एफआईपीआईसी का गठन 2014 में प्रधानमंत्री मोदी की फिजी यात्रा के दौरान किया गया था।एफआईपीआईसी शिखर सम्मेलन में 14 देशों के नेता भाग लेंगे। आम तौर पर कनेक्टिविटी और अन्य मुद्दों के कारण ये सभी शायद ही कभी एक साथ मिलते हैं। एफआईपीआईसी में कुक आइलैंड्स , फिजी , किरिबाती , मार्शल आइलैंड्स , माइक्रोनेशिया , नाउरू , नीयू , पलाऊ , पापुआ न्यू गिनी , समोआ , सोलोमन आइलैंड्स , टोंगा , तुवालु और वानुआतु शामिल हैं। पीएम मोदी यहां मारापे के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और पापुआ न्यू गिनी के गवर्नर जनरल बॉब डाडे से भी मुलाकात करेंगे।


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.