*फसल बीमा की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ा 16 अगस्त*
खैरागढ़, 31 जुलाई 2023/संचालनालय कृषि, रायपुर के मार्गदर्शी निर्देशन और कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में जिला के किसानों को बीमा का समुचित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से बढ़ी हुई तिथि की सूचना जारी की गई। खरीफ फसल बीमा प्रस्ताव प्राप्त करने एवं प्रीमियम कटौती करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 16 अगस्त 2023 की गयी है।
उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी ने बताया कि योजनांतर्गत प्रीमियम राशि बीमित राशि का खरीफ फसल हेतु 2 प्रतिशत जमा करना है, जो कि किसान द्वारा वहन किया जावेगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत प्राकृतिक आपदाओं, अवर्षा की स्थिति, कीट एवं रोगों के परिणाम स्वरूप अधिसूचित फसलों के नष्ट होने की स्थिति में किसानों को बीमा कवरेज और नुकसान की भरपाई करने हेतु शासन द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरूआत की गई है। जारी अधिसूचना अनुसार सभी ऋणी अऋणी किसानों से बैंक या प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी समिति या लोक सेवा केंद्र या आॅनलाईन पंजीयन या बीमा अभिकर्ता से फसल बीमा प्रस्ताव प्राप्त करने एवं प्रीमियम कटौती करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 16 अगस्त 2023 की गयी है।
इस वर्ष भी बीमा के दिशा-निर्देश प्रावधान अनुसार ऋणी कृषक फसल बीमा आवरण में स्वेच्छा पूर्वक शामिल होंगे, जो ऋणी कृषक फसल बीमा आवरण में शामिल नहीं होंगे, उनकों बीमा आवरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2023 के सात दिवस पूर्व निर्धारित प्रपत्र में असहमति पत्र (opt-out) के.सी.सी. प्रदायकर्ता बैंक/वित्तीय संस्थानों को अनिवार्य रूप से जानकारी प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय उप संचालक कृषि, कलेक्ट्रेट खैरागढ़ अथवा सम्बन्धित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी/सहकारी समितियों से सम्पर्क कर सकते हैं।
*सीएनआई न्यूज़ खैरागढ़ से सोमेश कुमार की रिपोर्ट*


















No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box.